Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

विशेष गहन पुनरीक्षण 2025: जांजगीर-चांपा में मतदाता सूची शुद्धिकरण की प्रक्रिया निर्णायक चरण में, आज गणना पत्र भरने की अंतिम तिथि

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 18 दिसम्बर 2025।
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार मतदाता सूची को पूर्ण रूप से शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से संचालित “विशेष गहन पुनरीक्षण 2025” कार्यक्रम दिनांक 28 अक्टूबर 2025 से जिले में प्रभावी रूप से जारी है। आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार आज गणना पत्र भरने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सायं 04:00 बजे तक की स्थिति में जिले में मतदाताओं का वर्गीकरण तीन प्रमुख श्रेणियों में किया गया है।

  • कैटेगिरी-A के अंतर्गत, ऐसे मतदाता जिनका नाम वर्ष 2003 एवं 2025 दोनों की मतदाता सूची में दर्ज है, उनकी संख्या 2,33,709 रही।
  • कैटेगिरी-B में वे मतदाता शामिल हैं, जिनके माता या पिता का नाम वर्ष 2003 एवं 2025 की मतदाता सूची में दर्ज है, जिनकी कुल संख्या 3,76,592 है।
  • वहीं कैटेगिरी-C में कुल 29,054 मतदाताओं को चिन्हांकित किया गया है।

इसी क्रम में अनकलेक्टेबल श्रेणी के अंतर्गत भी मतदाताओं का चिन्हांकन पूर्ण कर लिया गया है। इसमें

  • मृत्यु के कारण हटाए जाने योग्य मतदाता – 16,237,
  • अनुपस्थित मतदाता – 10,295,
  • स्थायी रूप से पलायित मतदाता – 28,569,
  • पूर्व में अन्य स्थान पर पंजीकृत (डुप्लीकेट) – 4,452,
  • अन्य कारणों से चिन्हांकित – 149 मतदाता शामिल हैं।

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उपरोक्त आंकड़ों के आधार पर जिले की मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन दिनांक 23 दिसंबर 2025 (मंगलवार) को किया जाएगा।

प्रक्रिया के तहत कैटेगिरी-A एवं B में जोड़े गए मतदाताओं से गणना पत्र के साथ केवल वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अंकित विवरण के अतिरिक्त कोई अन्य दस्तावेज नहीं लिया गया है।
जबकि कैटेगिरी-C में चिन्हांकित मतदाताओं को दावा-आपत्ति अवधि (23.12.2025 से 22.01.2026) के दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रकरण अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रकरण अधिकारी द्वारा नोटिस जारी कर आयोग द्वारा निर्धारित 13 विहित दस्तावेजों में से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु कहा जाएगा।

प्रस्तुत दस्तावेजों के परीक्षण एवं सत्यापन के पश्चात निर्वाचक रजिस्ट्रकरण अधिकारी/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रकरण अधिकारी द्वारा अंतिम निर्णय लेते हुए मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन दिनांक 21 फरवरी 2026 (शनिवार) को किया जाएगा।

निर्वाचन प्रशासन ने सभी संबंधित मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा में अपने दावे एवं आपत्तियाँ दर्ज कराते हुए आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें, ताकि मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!