Advertisment
Uncategorized

PM Modi Speech: टेरर और टॉक एक साथ नहीं, न्यूक्लियर ब्लैकमेल नहीं सहेंगे, आतंक की सरकार-आकाओं को अलग-अलग नहीं देखेंगे

PM Modi Speech: आतंकी हमला हुआ तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा. अपने तरीके से अपनी शर्तों पर जवाब देकर रहेंगे, हर उस जगह जाकर कठोर कार्रवाई करेंगे, जहां से आतंकी जड़ें निकलती हैं.

Operation Sindoor PM Modi address to the nation today LIVE Updates : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान साथ सीजफायर के 51 घंटे बाद देश को सम्बोधित किया. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन आतंकियों ने हमारी मां-बहनों का सिंदूर मिटाया, हमने उन्हें मिटा दिया. हमारे ऑपरेशन में 100 से ज्यादा खूंखार आतंकवादी मारे गए हैं. उन्होंने कहा कि बीते दिनों में दुनिया ने भारत का सामर्थ्य और संयम दोनों देखा. उन्होंने कहा- सबसे पहले हमारी सेनाओं, खुफिया एजेंसी और वैज्ञानिकों को सैल्यूट करता हूं. भारत ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में नौ आतंकवादी शिविरों पर हमला किया था. पाकिस्तान को खाक में मिलाने के लिए हमारी तीनों सेनाओं ने जबरदस्त प्रदर्शन किया।

‘न्यूक्लियर धमकी सहन नहीं, रवैया देखकर एक्शन तय करेंगे’ : सीजफायर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान की गुहार पर भारत ने संघर्ष रोकने की सहमति दी है. उन्होंने कहा कि भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ मिलिट्री एक्शन को केवल स्थगित किया है. पाकिस्तान का रवैया देखकर आगे का एक्शन तय करेंगे. प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान की तरफ से न्युक्लियर धमकी सहन नहीं की जाएगी. भारत की तीनों सेनाएं सभी हालात से निपटने के लिए तैयार हैं।

ऑपरेशन सिंदूर: ‘पहलगाम हमले ने देश को झकझोर दिया’
: पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर को भारत की हर बेटी, बहन, मां के नाम किया. उन्होंने कहा कि पहलगाम में छुट्टियां मना रहे देशवासियों को धर्म पूछकर मारा गया, ये देश को तोड़ने की घिनौनी कोशिश थी. आतंकवादियों को खत्म करने के लिए हमने भारतीय सशस्त्र बलों को पूर्ण अधिकार दिए हैं. आज हर आतंकवादी और आतंकी संगठन हमारी बेटियों और बहनों की गरिमा और गौरव को नुकसान पहुंचाने की कोशिश के परिणामों को समझता है. ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक नाम नहीं है. यह देश की सामूहिक भावनाओं और लचीलेपन का एक शक्तिशाली प्रतीक है।

‘आतंकियों ने सपने में भी नहीं सोचा था इतनी कड़ी सजा मिलेगी’ : पीएम मोदी ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर न्याय की अखंड प्रतिज्ञा है. 6 मई की देर रहा 7 मई की सुबह पूरी दुनिया ने इस प्रतिज्ञा को परिणाम में बदलते देखा है. भारत की सेनाओं ने पाकिस्तान में आतंक के ठिकानों, ट्रेनिंग सेंटर पर सटीक प्रहार किया. आतंकवादियों ने सपने में भी नहीं सोचा था कि भारत इतना बड़ा फैसला ले सकता है. लेकिन, जब देश एकजुट होता है, नेशन फर्स्ट की भावना से भरा होता है, राष्ट्र सर्वोपरि होता है तो फौलादी फैसले लिए जाते हैं. परिणाम लाकर दिखाए जाते हैं.

100 से ज्यादा आतंकियों को मौत के घाट उतारा : पीएम मोदी ने कहा- जब पाकिस्तान में आतंक के अड्डों पर भारत की मिसाइलों ने हमला बोला, भारत के ड्रोंस ने हमला बोला तो आतंकी संगठनों की इमारतें ही नहीं, हौसला भी थर्रा गया. बहावलपुर और मुरीदके जैसे आतंकी ठिकानें एक प्रकार से ग्लोबल टेररिज्म की यूनिवर्सिटीज रही हैं. दुनिया में कहीं पर भी जो बड़े आतंकी हमले हुए हैं चाहे 9/11हो चाहे लंदन ट्यूब बॉम्बिंग हो या फिर भारत में बड़े आतंकी हमले हों, उन सबके तार इन्हीं आतंक के ठिकानों से जुड़ते रहे हैं. आतंकियों ने हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था, इसलिए भारत ने आतंक के ये हेडक्वार्टर्स उजाड़ दिए. इन हमलों में 100 से ज्यादा खूंखार आतंकवादियों को मौत के घाट उतारा गया है।

आतंक के आकाओं को भारत ने एक झटके में खत्म कर दिया
पीएम मोदी ने कहा- आतंक के बहुत सारे आका बीते ढाई तीन दशकों से खुलेआम पाकिस्तान में घूम रहे थे. जो भारत के खिलाफ साजिशें करते थे. उन्हें भारत ने एक झटके में खत्म कर दिया. साथियों भारत की इस कार्रवाई से पाकिस्तान घोर निराशा में घिर गया था. हताशा में घिर गया था. बौखला गया था. इसी बौखलाहट में उसने एक और दुस्साहस किया, आतंक पर भारत की कार्रवाई का साथ देने की बजाय पाकिस्तान ने भारत पर ही हमला करना शुरू कर दिया।

जिस पर बहुत घमंड था उसी वायुसेना के एयरबेस को नुकसान पहुंचाया : पीएम मोदी ने कहा- पाकिस्तान ने हमारे गुरुद्वारों, घरों, मंदिरों और स्कूलों को निशाना बनाया. पाकिस्तान ने सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया लेकिन इसमें भी पाकिस्तान खुद बेनकाब हो गया. दुनिया ने देखा कैसे पाकिस्तान के ड्रोन, मिसाइलें भारत के सामने तिनके की तरह बिखर गईं. भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने उन्हें आसमान में ही नष्ट कर दिया. पाकिस्तान की तैयारी सीमा पर वार की थी, लेकिन भारत ने पाकिस्तान के सीने पर वार कर दिया. भारत के ड्रोंस, मिसाइलों ने सटीकता के साथ हमला किया. पाकिस्तानी वायुसेना के एयरबेस को नुकसान पहुंचाया, जिस पर बहुत घमंड था।

3 दिन में ही पाकिस्तान को तबाह कर दिया : पीएम मोदी ने कहा- पहले तीन दिनों में ही पाकिस्तान को इतना तबाह कर दिया, जिसका उसे अंदाजा भी नहीं था. भारत की आक्रामक कार्रवाई के बाद पाकिस्तान बचने के रास्ते खोजने लगा, पाकिस्तान दुनियाभर में तनाव कम करने के लिए गुहार लगा रहा था और बुरी तरह पिटने के बाद किसी मजबूरी में 10 मई की दोपहर को पाकिस्तानी सेना ने हमारे DGMO को संपर्क किया. तब तक हम आतंकवाद के इन्फ्रास्ट्र्क्चर को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा चुके थे, आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया था, आतंक के अड्डों को हमने खंडहर बना दिया था. जब पाकिस्तान की तरफ से गुहार लगाई गई, जब ये कहा गया कि उसकी ओर से आगे कोई आतंकी गतिविधि और सैन्य दुस्साहस नहीं दिखाया जाएगा, जब भारत ने उस पर विचार किया।

‘सिर्फ जवाबी कार्रवाई को स्थगित किया रोका नहीं’ : पीएम मोदी ने कहा- मैं फिर दोहरा रहा हूं हमने पाकिस्तान के आतंकी और सैन्य ठिकानों को जवाबी कार्रवाई को सिर्फ स्थगित किया है, आने वाले दिनों में हम पाकिस्तान के हर कदम को इस कसौटी पर मापेंगे कि वो आगे क्या रवैया अपनाता है. भारत की एयरफोर्स, आर्मी और नौ सेना, बीएसएफ, अर्धसैनिक बल अलर्ट पर हैं. सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक के बाद ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति है।

‘आतंकी हमला हुआ तो मुंहतोड़ जवाब देंगे’ : पीएम मोदी ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर ने आतंक के खिलाफ लड़ाई में नई लकीर खींच दी है।

पहला :  आतंकी हमला हुआ तो मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा. अपने तरीके से अपनी शर्तों पर जवाब देकर रहेंगे, हर उस जगह जाकर कठोर कार्रवाई करेंगे, जहां से आतंकी जड़ें निकलती हैं.

दूसरा  :  कोई भी न्यूक्लियर ब्लैकमेल भारत नहीं सहेगा. उसकी आड़ में पनप रहे आतंकी ठिकानों पर भारत सटीक और निर्णायक प्रहार करेगा।

तीसरा  :  हम आतंक की सरपरस्त सरकार और आतंक के आकाओं को अलग-अलग नहीं देखेंगे. ऑपेरशन सिंदूर के दौरान दुनिया ने पाकिस्तान का घिनौना सच देखा है जब मारे गए आतंकियों को विदाई देना पाकिस्तानी सेना के बड़े-बड़े अफसर उमड़ पड़े. स्टेट स्पॉन्सर आतंकवाद का ये बड़ा सबूत है. हम भारत और नागरिकों को किसी भी खतरे से बचाने के लिए लगातार निर्णायक कदम उठाते रहेंगे।

मेड इन इंडिया डिफेंस इक्विपमेंट का समय’  :  पीएम मोदी ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर ने नया आयाम जोड़ा है. हमने न्यू एज वारफेयर में अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है. इस ऑपरेशन के दौरान हमारे मेड इन इंडिया हथियारों की प्रामाणिकता सिद्ध हुई. दुनिया देख रही है कि 21वीं सदी के वारफेयर में मेड इन इंडिया डिफेंस इक्विपमेंट का समय आ चुका है।

‘बात होगी तो सिर्फ आतंकवाद और PoK पर’  :  पीएम मोदी ने कहा- हमारी एकता सबसे बड़ी शक्ति है. निश्चित तौर पर ये युग युद्ध का नहीं है, लेकिन ये युग आतंकवाद का भी नहीं है. टेररिज्म के खिलाफ जीरो टॉलरेंस एक बेहतर दुनिया की गारंटी है. पाकिस्तानी फौज, पाकिस्तान की सरकार जिस तरह आतंकवाद को खाद पानी दे रहे हैं, वो एक दिन पाकिस्तान को ही समाप्त कर देगा. पाकिस्तान को अगर बचना है तो उसे अपने टेरर इन्फ्रास्ट्रक्चर का सफाया करना ही होगा, इसके अलावा शांति का कोई रास्ता नहीं है. भारत का मत एकदम स्पष्ट है, टेरर और टॉक एकसाथ नहीं हो सकते हैं, टेरर और ट्रेड एकसाथ नहीं चल सकते. पानी और खून भी एकसाथ नहीं बह सकता. विश्व समुदाय से भी कहूंगा हमारी घोषित नीति रही है कि अगर पाकिस्तान से बात होगी तो टेररिज्म पर ही होगी, अगर बात होगी तो POK पर ही होगी।

‘शांति का मार्ग भी शक्ति से होकर जाता है’  :  पीएम मोदी ने कहा- देशवासियों आज बुद्ध पूर्णिमा है, भगवान बुद्ध ने हमें शांति का रास्ता दिखाया है. शांति का मार्ग भी शक्ति से होकर जाता है. मानवता शांति और समृद्धि की तरफ बढ़े, हर भारतीय शांति से जी सके, विकसित भारत के सपने को पूरा कर सके, इसके लिए भारत का शक्तिशाली होना जरूरी है. आवश्यकता पड़ने पर इस शक्ति का इस्तेमाल भी जरूरी है. पिछले कुछ दिनों में भारत ने यही किया है. मैं एक बार फिर भारत की सेना और सशस्त्र बलों को सैल्यूट करता हूं. हम भारतवासी का हौसला, एकजुटता, संकल्प को नमन करता हूं. बहुत-बहुत धन्यवाद. भारत माता की जय।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!