Advertisment
Advertisment
अपराधजांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

चाम्पा में 20 लाख से अधिक की लूट का खुलासा, मास्टरमाइंड योगेश रात्रे सहित 4 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

मिर्ची पावडर डालकर अपहरण, मैनपाट की खाई में फेंकने की सनसनीखेज वारदात

NTN REPORT// जांजगीर-चाम्पा,16 जनवरी 2026। थाना चाम्पा क्षेत्र में 20 लाख रुपये से अधिक की लूट, अपहरण और हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सायबर टीम एवं थाना चाम्पा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश कर मास्टरमाइंड सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

दो माह पहले रची गई थी लूट की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि मास्टरमाइंड योगेश रात्रे ने अपने साथियों के साथ करीब दो माह पूर्व इस लूट की योजना बनाई थी। आरोपियों को जानकारी थी कि अरविंद इंडस्ट्रीज चाम्पा का सुपरवाइजर हरीश देवांगन नियमित रूप से सक्ती की ओर से नगद कलेक्शन कर लौटता है।

मिर्ची पावडर डालकर किया अपहरण, मैनपाट में फेंका खाई में

दिनांक 09 जनवरी 2026 को हरीश देवांगन कंपनी का कैश कलेक्शन कर सक्ती से चाम्पा लौट रहा था। दोपहर करीब 3:30 बजे, ग्राम कोसमंदा मेन रोड तालाब के पास काले रंग की कार (सीजी 11 बीएन 13 – अंतिम दो अंक ढके हुए) से आए आरोपियों ने उसकी आंखों में मिर्ची पावडर डाल दिया।

आंखों में तेज जलन के कारण जैसे ही हरीश ने मोटरसाइकिल रोकी, तीन आरोपी कार से उतरे और पैसों से भरा बैग छीनने लगे। विरोध करने पर हरीश को जबरन कार में बैठाकर अपहरण कर लिया गया, मोबाइल छीन लिया गया और मारपीट करते हुए मैनपाट ले जाया गया।

रात्रि करीब 9 बजे, मैनपाट सेल्फी प्वाइंट के पास आरोपियों ने पैसों से भरा बैग छीनकर हरीश को गहरी खाई में धक्का दे दिया और उसे मृत समझकर फरार हो गए।

पूरी रात खाई में फंसा रहा पीड़ित, सुबह पहुंचा थाने

हरीश देवांगन पूरी रात खाई में पेड़ के सहारे फंसा रहा। सुबह किसी तरह ऊपर पहुंचकर लिफ्ट लेकर कापू पहुंचा और एक कंप्यूटर दुकान से मोबाइल लेकर अपने कार्यालय को घटना की सूचना दी। इसके बाद 10 जनवरी को थाना चाम्पा में मामला दर्ज किया गया।

300 से अधिक CCTV कैमरों की जांच से मिला अहम सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सायबर टीम को लगाया गया। चाम्पा, बलौदा और कोरबा क्षेत्र के 300 से अधिक CCTV कैमरों की बारीकी से जांच की गई। तकनीकी विश्लेषण और अधूरे वाहन नंबर के आधार पर घटना में प्रयुक्त काली कार की पहचान की गई।

जांच में वाहन का मालिक बिरगहनी निवासी अमीर मिरी निकला, जिसका पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया।

आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी

पूछताछ में अमीर मिरी ने अपने साथियों योगेश रात्रे, जमुना सेवायक और महेश्वर दिवाकर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

आरोपियों से बरामद सामग्री –

  • लूटी गई नगदी: ₹13,75,000
  • अपहरण में प्रयुक्त हुंडई वेन्यू कार
  • एक चाकू
  • बेसबॉल स्टिक
  • 5 मोबाइल फोन

गिरफ्तार आरोपी

  1. योगेश रात्रे उर्फ छोटे, पिता नरसिंग रात्रे, उम्र 32 वर्ष, निवासी बिरगहनी, थाना जांजगीर
  2. जमुना सेवायक, पिता गणेश सेवायक, उम्र 25 वर्ष, निवासी चरणनगर चाम्पा
  3. महेश्वर दिवाकर उर्फ छोटे दाऊ, पिता कांशीराम दिवाकर, उम्र 19 वर्ष, निवासी चरणनगर चाम्पा
  4. अमीर मिरी उर्फ भोलू, पिता मनोज मिरी, उम्र 25 वर्ष, निवासी बिरगहनी, थाना जांजगीर

एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी पतासाजी जारी है।

इनकी रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में सायबर सेल जांजगीर-चाम्पा और थाना चाम्पा पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा, जिसमें निरीक्षक, उपनिरीक्षक, एएसआई एवं सायबर टीम के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!