
सारंगढ़ से किडनैप हुई 4 वर्षीय बच्ची को जांजगीर पुलिस ने सुरक्षित बरामद किया
बिर्रा थाना क्षेत्र की नाका बंदी में आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार
NTN NEWS REPORT// रायगढ़/जांजगीर–चांपा, 24 नवम्बर 2025। सारंगढ़-भिलाईगढ़ जिले से अपहृत 4 वर्षीय बच्ची निधियाना सूर्यवंशी को जांजगीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बरामद कर लिया है। मामले में फरार आरोपी रवि पटेल, पिता श्रवण पटेल, निवासी रतनपुर (खुटाघाट), को बिर्रा थाना क्षेत्र में नाका बंदी के दौरान गिरफ्तार किया गया।
घटना का विवरण
बिलासपुर के राजकिशोर नगर निवासी सत्यवती सूर्यवंशी अपनी 4 वर्षीया पुत्री निधियाना को सफेद डिजायर कार में रतनपुर के पटेल ड्राइवर के साथ सरसिंवा जिला सारंगढ़-भिलाईगढ़ लेकर आई थीं। लौटते समय सलिहाघाट (थाना भटगांव) के बाजार में सब्जी लेने के लिए उतरीं और अपनी बेटी को मोबाइल देकर उसी कार में बैठा दिया।
इसी दौरान कार चालक रवि पटेल बच्ची को लेकर मौके से फरार हो गया। बच्ची के पास मौजूद मोबाइल नंबर 7024788634 सक्रिय पाया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने लोकेशन ट्रैकिंग और सर्विलांस शुरू किया।
अलर्ट जारी—कई थानों में नाका बंदी घटना की जानकारी मिलते ही जांजगीर पुलिस ने PS बम्हनीडीह, नवागढ़, शिवरीनारायण, चांपा, हथनेवरा, सारागांव सहित पूरे क्षेत्र में तत्काल नाका बंदी करा दी।
तेज कार्रवाई—आरोपी गिरफ्तार, बच्ची सुरक्षित बिर्रा थाना पुलिस की तेजी से की गई नाका बंदी में संदिग्ध सफेद डिजायर कार को रोका गया, जहाँ से बच्ची को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस द्वारा प्रारंभिक पूछताछ जारी है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांजगीर पुलिस की इस त्वरित और सफल कार्रवाई से क्षेत्र में राहत और प्रशंसा का माहौल है।