Advertisment
अपराधरायपुरस्थानीय समाचार / शहर की खबरें

रायपुर में सूखे नशे के अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़

24 घंटे में 14 आरोपी गिरफ्तार, 60 किलो गांजा जब्त, कीमत करीब 30 लाख रुपये

NTN NEWS REPORT// रायपुर। रायपुर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सूखे नशे के एक अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने महज 24 घंटे के भीतर कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 60 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।इस कार्रवाई में थाना उरला, सिविल लाइन और कोतवाली पुलिस की संयुक्त भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर से जुड़े सदस्य, महिला आरोपी तथा विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं।

किराए के मकान को बना रखा था तस्करी का अड्डा

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित राजेंद्र नगर में किराए के मकान को केंद्र बनाकर गांजे का भंडारण कर रहे थे। यहां से गांजे की सप्लाई सोनभद्र, आगरा, नोएडा सहित उत्तर प्रदेश के कई शहरों में की जा रही थी।

आरोपी पिछले एक माह से उरला में रहकर सुनियोजित तरीके से गांजा डंप कर मांग के अनुसार अलग-अलग राज्यों में सप्लाई कर रहे थे। परिवहन के लिए मुख्य रूप से रेल मार्ग का उपयोग किया जाता था।

प्रकरण 01 : थाना उरला

40.446 किलो गांजा बरामद, 7 आरोपी गिरफ्तार

दिनांक 08 फरवरी 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि उरला क्षेत्र अंतर्गत बेंद्री रोड, नउवा तालाब के पास दो व्यक्ति गांजा बिक्री की फिराक में हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदीप केसरवानी और राजेश यादव को पकड़ा।पूछताछ में आरोपियों ने राजेंद्र नगर उरला स्थित किराए के मकान में गांजा छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके बाद मकान में रेड की गई, जहां 2 महिला समेत कुल 5 व्यक्ति और 2 विधि से संघर्षरत बालक मिले।

तलाशी में मकान से 40.446 किलोग्राम गांजा (कीमत लगभग 20.22 लाख रुपये) बरामद किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना उरला में अपराध क्रमांक 38/26, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मकान मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

प्रकरण 02 : थाना सिविल लाइन

5.699 किलो गांजा, आगरा के दो आरोपी गिरफ्तार

दिनांक 08 फरवरी 2026 की रात सिविल लाइन क्षेत्र के खजाना चौक के पास निर्माणाधीन भवन से गांजा बिक्री की कोशिश कर रहे शाहरुख खान और राहुल कुशवाह (निवासी आगरा, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया।आरोपियों के कब्जे से 5.699 किलोग्राम गांजा और 2 मोबाइल फोन जब्त किए गए। कुल जब्ती की कीमत लगभग 3.04 लाख रुपये आंकी गई। थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 77/26 दर्ज कर कार्रवाई की गई।

प्रकरण 03 : थाना कोतवाली

हिस्ट्रीशीटर से जुड़े आरोपी समेत 4 किलो गांजा जब्त

दिनांक 09 फरवरी 2026 को कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ओसीएम चौक के पास से ऋषभ तांडी उर्फ रिक्की तांडी और सौरभ तांडी को गांजा बिक्री की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों के कब्जे से लगभग 4 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। दोनों के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

अन्य प्रकरण

इसके अतिरिक्त 3 अन्य आरोपियों को गांजा के साथ गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

End-to-End जांच जारी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ की जा रही है। तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर End-to-End कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

संयुक्त कार्रवाई

इस पूरी कार्रवाई को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना उरला, थाना सिविल लाइन और थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!