Advertisment
अपराधजांजगीर-चांपा

करोड़ों की शेयर ट्रेडिंग ठगी का मास्टरमाइंड फरार: पीयूष जायसवाल के खिलाफ गृह मंत्रालय ने जारी किया लुक आउट सर्कुलर, जांजगीर-चांपा पुलिस ने जनता से मांगी मदद

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 27 जुलाई 2026। शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में फरार चल रहे आरोपी पीयूष जायसवाल के खिलाफ भारत सरकार के गृह मंत्रालय (नई दिल्ली) के माध्यम से लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया गया है। जांजगीर-चांपा पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी,पीयूष जायसवाल

पुलिस के अनुसार आरोपी पीयूष जायसवाल (21 वर्ष), पिता पारेश्वर जायसवाल, निवासी ग्राम पोडीशकर, थाना बम्हनीडीह, जिला जांजगीर-चांपा ने बम्हनीडीह, चांपा, कोरबा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को शेयर ट्रेडिंग में अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर बड़ी मात्रा में धनराशि निवेश कराई। इसके बाद करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी कर वह फरार हो गया।

आरोपी के खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज

इस मामले में थाना बम्हनीडीह में अपराध क्रमांक 87/2024 के तहत भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 420, 406 एवं 34 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। वहीं थाना चांपा में अपराध क्रमांक 152/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316(2), 111(1) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में अभियोग पत्र भी प्रस्तुत किया था, लेकिन अभियोग पत्र प्रस्तुत होने के बाद से आरोपी लगातार न्यायालय में अनुपस्थित है और फरार चल रहा है।

कई न्यायालयों से जारी हो चुके हैं गिरफ्तारी वारंट

पुलिस के अनुसार थाना चांपा के प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध स्थायी गिरफ्तारी वारंट तथा थाना बम्हनीडीह के मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है।

इसके अलावा बिलासपुर स्थित माननीय न्यायालय में परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के प्रकरण में भी आरोपी के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी है। वहीं कोरबा स्थित माननीय न्यायालय से प्रकरण क्रमांक 5341, 5340, 5339 एवं 5342 में भी गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं।

गृह मंत्रालय ने जारी किया लुक आउट सर्कुलर

आरोपी के लगातार फरार रहने और न्यायालय में उपस्थित नहीं होने के कारण भारत सरकार के गृह मंत्रालय के माध्यम से उसके विरुद्ध लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। इस कार्रवाई के बाद देश के सभी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बंदरगाहों एवं सीमा चौकियों पर आरोपी की आवाजाही पर निगरानी रखी जाएगी, ताकि उसके देश छोड़कर भागने अथवा कहीं भी आने-जाने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

पुलिस ने आम जनता से की सहयोग की अपील

जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि फरार आरोपी पीयूष जायसवाल के संबंध में किसी भी प्रकार की सूचना प्राप्त हो तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं।

सूचना देने के लिए नागरिक निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं—

  • पुलिस कंट्रोल रूम, जांजगीर-चांपा: 94791-93199
  • थाना चांपा प्रभारी: 79874-60292

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!