
जांजगीर के हसदेव विहार में महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब
श्री सर्वेश्वर महादेव मंदिर में दिनभर चला जलाभिषेक-रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन से गूंजा पूरा प्रांगण
NTN NEWS REPORT// जांजगीर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर हसदेव विहार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लग गईं और देर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा।
सुबह से शुरू हुआ जलाभिषेक और रुद्राभिषेक
महाशिवरात्रि के शुभ मुहूर्त में तड़के से ही भगवान शिव का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक प्रारंभ हो गया। श्रद्धालु गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करते रहे। पूरे दिन “ॐ नमः शिवाय” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा।
समिति ने किया प्रसाद वितरण
इस अवसर पर सर्वेश्वर समिति के सदस्यों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए खीर-पूड़ी प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। समिति के सदस्यों ने व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई।
भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण
शाम 5 बजे से द्वारा भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। शिव स्तुति और भजनों की मधुर प्रस्तुति ने पूरे प्रांगण को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए और वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।
भव्य महाआरती में उमड़ा जनसैलाब
भजन-कीर्तन के उपरांत भगवान श्री सर्वेश्वर महादेव की भव्य महाआरती की गई। आरती के दौरान सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। दीपों की रोशनी और घंटा-घड़ियाल की ध्वनि के बीच पूरा मंदिर परिसर “बोल बम” और “ॐ नमः शिवाय” के जयकारों से गूंज उठा।
आरती के पश्चात पुनः श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। महाशिवरात्रि का यह आयोजन पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, उल्लास और सामूहिक आस्था का प्रतीक बनकर उभरा।
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल धार्मिक भावना को प्रबल किया, बल्कि सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता का भी सशक्त संदेश दिया।