
प्रथम फास्ट फाइव राज्य स्तरीय नेटबॉल प्रतियोगिता आयोजन जांजगीर में, तैयारियां हुई पूरी कल से रहेगा खिलाड़ियों का जमावड़ा…
जांजगीर चाम्पा 06 अगस्त 25// जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रथम फास्ट फाइव राज्य स्तरीय नेटबॉल प्रतियोगिता (महिला/पुरुष वर्ग) का शुभारंभ कल 7 अगस्त को होने जा रहा है। यह दो दिवसीय प्रतियोगिता टीसीएल महाविद्यालय के इंडोर हॉल में आयोजित की जा रही है, जिसका समापन 8 अगस्त को किया जाएगा।
प्रतियोगिता का उद्घाटन कल दोपहर 2 बजे किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि जांजगीर चाम्पा विधायक व्यास कश्यप होंगे, वहीं अध्यक्षता नगर पालिका जांजगीर-नैला की अध्यक्ष श्रीमती रेखा देव गढ़ेवाल करेंगी।
इस राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में प्रदेश के 16 जिलों से बालक वर्ग एवं 14 जिलों से बालिका वर्ग की टीमें भाग ले रही हैं। कुल 300 खिलाड़ी एवं 50 कोच, प्रबंधक व तकनीकी अधिकारी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।
नेटबॉल एसोसिएशन ऑफ जांजगीर-चांपा एवं नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट के दौरान खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।