Advertisment
छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

जिले के सभी स्कूलों मे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया प्रवेश उत्सव

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर एवं मीठा खिलाकर किया स्वागत,कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर एवं मीठा खिलाकर किया स्वागत

छत्तीसगढ़,जांजगीर-चांपा 16 जून 2025// मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप जिले के सभी स्कूलों मे आज प्रवेश उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इसी क्रम में जिला कलेक्टर जन्मेजय महोबे अकलतरा विकासखंड के ग्राम पंचायत हरदी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय पहुँचे, जहाँ उन्होंने नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक लगाकर एवं मीठा खिलाकर स्वागत किया।

इस दौरान उन्होंने छत्राओं को बेग, पाठ्य सामग्री का वितरण किया। इस दौरान जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती गंगा साहू, सरपंच श्रीमती सरिता मिरी, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे, डीएमसी आर के तिवारी सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें।

कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं सरस्वती वंदना से की गई। तत्पश्चात विद्यार्थियों एवं उपस्थितजन को संबोधित करते हुए कलेक्टर महोबे ने कहा बच्चों की पहली पाठशाला माँ होती है और दूसरी पाठशाला हमारा विद्यालय होता है। शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे कोई भी कार्य सरलता से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाज और देश के समग्र विकास में शिक्षा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने विशेष रूप से अभिभावकों और नागरिकों से अपील की कि यदि आपके आसपास कोई शाला त्यागी बच्चा हो तो उसकी जानकारी अवश्य दें, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। कलेक्टर महोबे ने भाषाई ज्ञान के महत्व पर बल देते हुए कहा कि हिंदी और छत्तीसगढ़ी के साथ-साथ अंग्रेजी भाषा का ज्ञान भी ज़रूरी है। साथ ही उन्होंने गणित एवं अन्य विषयों के प्रति रुचि बढ़ाने की आवश्यकता जताई और कहा कि इन विषयों को समझकर पढ़ने से बच्चों का बौद्धिक विकास होता है।

इस अवसर पर जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती गंगा साहू एवं सरपंच श्रीमती सरिता मिरी ने भी शाला प्रवेश उत्सव के दौरान कार्यक्रम को संबोधित किया । शाला प्रवेश उत्सव के दौरान कलेक्टर महोबे एवं जिला पंचायत सीईओ रावटे ने एक पेड़ मां के नाम के अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया।

बच्चों के बीच बैठकर कलेक्टर ने किया न्योता भोज : शाला प्रवेश उत्सव के अवसर न्योता भोज कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी छात्राओं के साथ जमीन पर बैठकर भोजन करते हुए कलेक्टर महोबे ने न सिर्फ बच्चों का मनोबल बढ़ाया, बल्कि उनके बीच आत्मीय संवाद भी स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को पूड़ी सब्जी एवं मिठाई को अपने हाथों से बच्चों की थाली मे परोसा । इसके साथ ही उन्होंने बच्चों से भोजन, पढ़ाई, रहने की सुविधा और रुचियों के बारे में बातचीत की।कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ पोषण और आत्मीय माहौल भी बच्चों के विकास के लिए जरूरी है। कार्यक्रम में उपस्थित छात्राएं कलेक्टर को अपने बीच पाकर बेहद उत्साहित नजर आईं। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!