Advertisment
Advertisment
स्थानीय समाचार / शहर की खबरें

नैला में दुर्गा पंडाल और बॉलीवुड अदाकारा के कार्यक्रम से बिगड़ सकता ट्रैफिक संतुलन प्रशासन अलर्ट !

NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। नैला अग्रसेन भवन के सामने विराजी मां दुर्गा जी की भव्यता और ख्याति सिर्फ शहर या राज्य तक सीमित नहीं रही, बल्कि पूरे देश में फैल चुकी है। हर साल लाखों श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं। मां दुर्गा की ख्याति की वजह से भारी भीड़ उमड़ पड़ती है और पुलिस-प्रशासन को यातायात व्यवस्था संभालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है। पिछले वर्ष पूरा शहर जाम की चपेट में आ गया था जिसे पुलिस प्रशासन और जन सेवकों की वजह से संभाला जा सका था।

सड़क पर लोगो का हुजूम

इस बार पूर्व के हालात से सबक लेते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले ही पार्किंग स्थलों को चिन्हांकित कर लिया था ताकि अव्यवस्था और किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। लेकिन चुनौती और बढ़ गई है, क्योंकि आज हाई स्कूल के बड़े मैदान में एक बॉलीवुड अदाकारा का कार्यक्रम भी तय है।

हाई स्कूल मैदान को इस बार चांपा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल घोषित किया गया है। ऐसे में लोगों के भटकने और परेशान होने की संभावना बनी हुई है। पूर्व वर्षों में हाई स्कूल को भीड़ नियंत्रण और पार्किंग के लिए बेहतरीन विकल्प माना गया है, लेकिन अब वहीं पर कार्यक्रम की अनुमति मिलने से सवाल उठ रहे हैं कि आखिर बढ़ती भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था कैसे सुचारू रखी जा सकेगी। जबकि प्रशासन के जिम्मेदारों को भलीभांति पता है कि मां दुर्गा की ख्याति को देखकर लाखो की भीड़ दर्शन को उमड़ेगी फिर भी  हाई स्कूल जैसे बड़े मैदान में कार्यक्रम के लिए अनुमति प्रदान करना समझ से परे है।

प्रशासनिक प्रतिक्रियाएं
नगर पालिका सीएमओ विक्रण भगत ने कहा— “मैं 10 दिनों की छुट्टी पर था, आज ही पदभार संभाला है। इस संबंध में जानकारी लेकर आपको कॉल करता हूं।”

एसडीएम जांजगीर ने स्पष्ट किया— “हाई स्कूल मैदान में कार्यक्रम की अनुमति ट्रैफिक रूट चार्ट बनने के पूर्व ही दी जा चुकी थी। इस संबंध में विस्तृत जानकारी यातायात पुलिस विभाग ही दे सकता है।”

वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने कहा— “ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रूप से चले, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। लोगों की भीड़ को देखते हुए पुलिस हर स्थिति से निपटने तैयार है।”

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!