Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

जांजगीर-चांपा में शासकीय विश्वविद्यालय की मांग तेज, अभाविप ने हजारों हस्ताक्षरों के साथ सौंपा ज्ञापन

NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। जिले में शासकीय विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जांजगीर-चांपा इकाई ने छात्रहित में पहल करते हुए महामहिम राज्यपाल के नाम जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से जिले में उच्च शिक्षा की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु शीघ्र शासकीय विश्वविद्यालय स्थापित करने की मांग की गई।ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि जांजगीर-चांपा जिले में अनेक शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालय संचालित हैं, जहां हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इसके बावजूद जिले में शासकीय विश्वविद्यालय का अभाव बना हुआ है, जिसके कारण विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य जिलों पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे समय, संसाधन और आर्थिक बोझ बढ़ता है, जो कई छात्रों की शिक्षा में बाधा बन रहा है।

इस गंभीर विषय को लेकर अभाविप द्वारा जिलेभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थानों और महाविद्यालयों में अध्ययनरत हजारों छात्र-छात्राओं ने समर्थन देते हुए हस्ताक्षर किए। इन हस्ताक्षरों को संकलित कर विश्वविद्यालय स्थापना की मांग के ज्ञापन के साथ संलग्न किया गया और जिलाधीश को सौंपा गया।

अभाविप पदाधिकारियों ने कहा कि शासकीय विश्वविद्यालय की स्थापना से जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी तथा क्षेत्र के शैक्षणिक और सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

इस अवसर पर जिला संयोजक उदय पाण्डेय, जिला संगठन मंत्री ताम्रध्वज साहू, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अनामिका सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सिद्धार्थ तिवारी, नगर सहमंत्री आर्यन सिंह, नगर सहमंत्री शिवांश सिंह, महाविद्यालय प्रमुख अनुराग त्रिपाठी एवं कार्यकारिणी सदस्य रितेश राठौर सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!