
अपराध नियंत्रण सर्वोच्च प्राथमिकता: एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने ली वर्ष 2026 के वर्कप्लान के तहत अपराध समीक्षा बैठक
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 18 जनवरी 2026।
जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सख्त मोड में है। इसी क्रम में आज पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय जांजगीर के सभाकक्ष में जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों की वर्ष 2026 के वर्कप्लान के तहत अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। इसके साथ ही डीजल चोरी, अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त और सतत कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने, लंबित अपराध, शिकायत एवं मर्ग प्रकरणों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास बनाए रखने के लिए संवेदनशील, जिम्मेदार एवं जवाबदेह पुलिसिंग अपनाने पर बल दिया गया।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखते हुए आवश्यकतानुसार अधिक से अधिक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए तथा सूचना तंत्र को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। सामुदायिक पुलिसिंग के अंतर्गत जन-जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उक्त अपराध समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर उमेश कुमार कश्यप, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, स्टेनो राजेंद्र श्रीवास्तव, रीडर-1 अश्वनी राठौर, स्थापना प्रभारी कृष्ण साहू सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।