Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपा

ग्रामीणों में बढ़ी उपभोक्ता जागरूकता : जरवे में लगा उपभोक्ता साक्षरता शिविर

NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। राज्य उपभोक्ता आयोग के निर्देशानुसार जिला उपभोक्ता आयोग जांजगीर-चांपा द्वारा उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, दायित्वों तथा ई-फाइलिंग एवं ई-हियरिंग जैसी आधुनिक सुविधाओं से अवगत कराने हेतु ग्राम जरवे (च) में 04 दिसंबर 2025 को उपभोक्ता साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।

उपभोक्ता जन्म से उपभोक्ता — आयोग अध्यक्ष प्रशांत कुंडू का संबोधन

शिविर में जिला उपभोक्ता आयोग जांजगीर-चांपा के अध्यक्ष प्रशांत कुंडू ने उपस्थित जनों को उपभोक्ता कानूनों की गहन जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि “व्यक्ति जन्म से ही उपभोक्ता होता है और सेवा में कमी या अनुचित व्यापार प्रथाओं के खिलाफ उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कर सकता है।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिला उपभोक्ता आयोग में पाँच लाख रुपये तक की शिकायतों पर कोई शुल्क नहीं लिया जाता, जिससे ग्रामीण उपभोक्ताओं को न्याय प्राप्ति में आर्थिक बाधा नहीं आती।

ई-फाइलिंग और ई-हियरिंग अनिवार्य — सदस्य विशाल तिवारी ने दी विस्तृत जानकारी

जिला उपभोक्ता आयोग के सदस्य विशाल तिवारी ने ई-फाइलिंग एवं ई-हियरिंग की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। उन्होंने बताया कि अब आयोगों के समक्ष शिकायतें केवल ऑनलाइन माध्यम से ही की जा सकती हैं, जिसके लिए ई-जागृति पोर्टल उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि आयोग के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना अब अनिवार्य नहीं है। उपभोक्ता ऑनलाइन ई-हियरिंग के माध्यम से कहीं से भी अपनी बहस प्रस्तुत कर सकते हैं। यह सुविधा जांजगीर-चांपा सहित संपूर्ण छत्तीसगढ़ में लागू हो चुकी है।

इसके साथ ही जिला उपभोक्ता आयोग की सदस्य महिमा सिंह ने भी उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

शिविर का उद्देश्य — अनुचित व्यापार, धोखाधड़ी और शोषण से सुरक्षा

उपभोक्ता साक्षरता शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, अनुचित व्यापार प्रथाओं से बचाना तथा उपभोक्ता आयोग में दावा करने के लिए प्रेरित करना था। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों और संभ्रांत व्यक्तियों द्वारा उपभोक्ता कानूनों एवं ऑनलाइन प्रक्रियाओं से संबंधित कई प्रश्न पूछे गए, जिनका आयोग के अधिकारियों ने संतोषजनक समाधान दिया।

ग्राम प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता

इस कार्यक्रम में ग्राम सरपंच उत्तरा कमल कश्यप, उप सरपंच योगेश कश्यप, सचिव द्वारिका प्रसाद यादव, जिला उपभोक्ता आयोग के कर्मचारी—डाटा एंट्री ऑपरेटर संजय बुनकर, ड्राइवर राम भरोस पैकरा, भृत्य विकास छड़ीले सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने उपभोक्ता अधिकारों एवं ई-प्रक्रियाओं के संबंध में मिली उपयोगी जानकारी की सराहना की।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!