
255 करोड़ के पुलिस अधोसंरचना कार्यों का मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअली लोकार्पण
8 नए साइबर थानों समेत आवासीय व थाना भवनों की बड़ी सौगात, पुलिस को मिलेगा बेहतर कार्य वातावरण
NTN REPORT// रायपुर, 28 जनवरी 2026। प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज पुलिस मुख्यालय नया रायपुर से वर्चुअली जुड़कर 255 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित पुलिस विभाग के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 8 नए साइबर पुलिस थानों, पुलिस आवासीय भवनों, नवीन थाना भवनों, चौकी भवनों, एसडीओपी कार्यालयों एवं ट्रांजिट हॉस्टलों का शुभारंभ किया गया।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों और पुलिस बल को बधाई देते हुए कहा कि यह दिन पुलिस विभाग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। 255 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित ये सभी भवन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त हैं, जो पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सकारात्मक, सुरक्षित और प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करेंगे।
बेहतर सुविधाओं से बढ़ेगी कार्यक्षमता: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रस्तुतिकरण के माध्यम से यह स्पष्ट है कि साइबर थाना, एसडीओपी कार्यालय, चौकी भवन, ट्रांजिट हॉस्टल और आवासीय भवन उच्च गुणवत्ता एवं आधुनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं। गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसियों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि सरकार का सतत प्रयास है कि पुलिसकर्मियों को बेहतर आवास और कार्यस्थल उपलब्ध कराए जाएं, जिससे वे पूरी निष्ठा और क्षमता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। इन सुविधाओं से सुदूर अंचलों तक भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में बड़ा कदम
उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने बताया कि बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से प्रदेश में साइबर पुलिस थानों का विस्तार किया जा रहा है। आज जशपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव सहित कुल 8 नए साइबर थानों का शुभारंभ किया गया। इससे पहले प्रदेश के 5 जिलों में साइबर थाने संचालित थे।
उन्होंने बताया कि भविष्य में आवश्यकता के अनुसार अन्य जिलों में भी साइबर थाने स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही चार जिलों में भारत वाहिनी कैंपस, नौ जिलों में नए थाना भवन, माना में सेंट्रल आर्म्ड फोर्स की चौकी एवं आवासीय भवनों का भी लोकार्पण किया गया।
गृह मंत्री ने इन सभी विकास कार्यों की स्वीकृति और लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पुलिस विभाग को बधाई दी।
इन भवनों का हुआ लोकार्पण
मुख्यमंत्री द्वारा आज जिन प्रमुख भवनों का लोकार्पण किया गया, उनमें—
- बालोद जिले में 21वीं भारत रक्षित वाहिनी करकाभाट
- महासमुंद जिले में 20वीं भारत रक्षित वाहिनी परसदा
- बस्तर जिले में 19वीं भारत रक्षित वाहिनी करनपुर
- कांकेर जिले में 22वीं भारत रक्षित वाहिनी भीरावाही
- रायपुर जिले में सेन्ट्रल आर्म्स स्टोर, 4थी वाहिनी माना एवं ट्रांजिट हॉस्टल
- बीजापुर जिले में पुलिस थाना भवन तर्रेम एवं नैमेड़
- सुकमा जिले में पुलिस थाना भवन चिंतागुफा एवं चिंतलनार
- नारायणपुर जिले में थाना भवन भरण्डा, बैनुर एवं ट्रांजिट हॉस्टल
- दुर्ग जिले में थाना भवन पद्मनाभपुर, पुलगांव, एसडीओपी कार्यालय धमधा
- बेमेतरा जिले में एसडीओपी कार्यालय बेरला
- सूरजपुर जिले में पुलिस चौकी कुदरगढ़
- कोरिया जिले में आवासगृह बैकुण्ठपुर एवं ट्रांजिट हॉस्टल बलरामपुर
- धमतरी जिले में पुलिस चौकी भवन करेलीबड़ी
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन के महानिदेशक पवन देव, एडीजी एसआरपी कल्लूरी, एडीजी प्रदीप गुप्ता, एडीजी विवेकानंद सिन्हा, एडीजी दीपांशु काबरा, एडीजी अमित कुमार सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।