
महिला एवं बाल विकास विभाग में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय का सहायक ग्रेड(02) 40 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
NTN NEWS REPORT// जशपुर। जिला जशपुर स्थित कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग (छत्तीसगढ़) में पदस्थ सहायक ग्रेड–02 गिरीश कुमार बारे को रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो अंबिकापुर की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
प्रार्थी योगेश कुमार सांढिल्य, पिता स्व. अशोक कुमार सांढिल्य, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम पोटो–तह, थाना कांकेरबेल, जिला जशपुर द्वारा एंटी करप्शन ब्यूरो अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के अनुसार प्रार्थी वर्ष 2019 से एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय दोकड़ा में भृत्य के पद पर पदस्थ है। उसका परिवार जशपुर में निवासरत है तथा बच्चे जशपुर में अध्ययनरत हैं।
परिवार की देखरेख के उद्देश्य से प्रार्थी ने जून 2025 में एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय लोडाम में स्थानांतरण हेतु जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला जशपुर के कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया था। इस दौरान कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड–02 गिरीश कुमार बारे द्वारा स्थानांतरण कराने के एवज में प्रार्थी से 80 हजार रुपये की मांग की गई।
मांग के कुछ समय पश्चात ही जून 2025 में प्रार्थी का स्थानांतरण एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय लोडाम, जिला जशपुर में कर दिया गया। इसके बाद जब प्रार्थी जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जशपुर के कार्यालय गया, तो सहायक ग्रेड–02 गिरीश कुमार बारे ने पुनः स्थानांतरण कराने के एवज में पैसों की मांग की। प्रार्थी द्वारा पैसे न होने की बात कहने पर आरोपी ने प्रार्थी की मोटरसाइकिल पल्सर 180 (क्रमांक सी.जी. 14 एम.एन. 6259) अपने पास रख ली और पैसे देने पर ही वापस करने की बात कही।
प्रार्थी रिश्वत देना नहीं चाहता था, बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा 80 हजार रुपये रिश्वत लेने पर सहमति व्यक्त की गई। इसके बाद एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा आज दिनांक 08 जनवरी 2026 को ट्रैप की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान सहायक ग्रेड–02 गिरीश कुमार बारे को कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जशपुर (छत्तीसगढ़) के कार्यालय परिसर में प्रार्थी से प्रथम किस्त के रूप में 40 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा आरोपी के विरुद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधन अधिनियम 2018) के अंतर्गत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।