Advertisment
Advertisment
अपराधस्थानीय समाचार / शहर की खबरें

20 दिन बाद अंधेकत्ल का खुलासा: सकरी पुलिस की सतर्कता से हत्या का राजफाश, तीन आरोपी चिन्हित

NTN NEWS REPORT// बिलासपुर, छत्तीसगढ़। थाना सकरी पुलिस ने 20 दिनों से अंधेकत्ल के रूप में दर्ज एक सनसनीखेज मामले का सफल खुलासा करते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ह्यूमन इंटेलिजेंस, स्थानीय सूत्रों और सतत सर्विलांस के माध्यम से पुलिस ने घटना की परत-दर-परत जांच कर हत्या के पीछे की सच्चाई सामने लाई है। इस मामले में 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 01 आरोपी पूर्व से ही जेल में निरुद्ध है।

घटना का विवरण : सूचक संजू साहनी द्वारा 08 दिसंबर 2025 को थाना सकरी में सूचना दी गई थी कि उनके पिता प्रहलाद साहनी 07 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 11 बजे हिर्री माइंस इंद्रपुरी से मोटरसाइकिल से बिलासपुर के लिए निकले थे, किंतु वे घर नहीं लौटे। अगले दिन 08 दिसंबर को उनका शव सकरी शराब भट्ठी के पास पड़ा मिला।

सूचना के आधार पर थाना सकरी में मर्ग क्रमांक 115/2025 दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। शव पंचनामा उपरांत पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के शरीर पर पाई गई चोटों और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए गहन जांच प्रारंभ की।

सीसीटीवी ऑडियो बना अहम सुराग : जांच के दौरान शराब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। एक कैमरे में केवल ऑडियो रिकॉर्डिंग प्राप्त हुई, जिसमें घटना की रात लगभग 11:30 बजे गाली-गलौच और बहस की आवाजें सुनाई दीं। इस ऑडियो की पहचान मृतक के परिजनों से कराई गई, जिन्होंने गाली देने वाली आवाज को मृतक प्रहलाद साहनी की आवाज बताया। यह पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण सुराग साबित हुआ।

आरोपियों पर संदेह और सतत निगरानी : इसी बीच घटना के अगले दिन आरोपी प्रियनाथ वर्मा उर्फ बाबू अंडा स्वयं थाना सकरी में एक अन्य प्रकरण (अपराध क्रमांक 737/2025) में गिरफ्तारी हेतु प्रस्तुत हुआ, जिससे उसके व्यवहार पर पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद सकरी पुलिस ने ह्यूमन इंटेलिजेंस तकनीक, स्थानीय सूत्रों और लगभग 20 दिनों के सतत सर्विलांस के जरिए घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा।

मारपीट से हुई मौत : जांच में सामने आया कि 07 दिसंबर 2025 की रात मृतक प्रहलाद साहनी सकरी शराब दुकान के पास नशे की हालत में गाली-गलौच कर रहा था। शोर सुनकर वहां रहने वाले पुरूषोत्तम वर्मा उर्फ आसाराम, प्रियांशु वर्मा और प्रियनाथ वर्मा उर्फ बाबू अंडा वहां पहुंचे और उसे चिल्लाने से मना किया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और तीनों आरोपियों ने मृतक के साथ मारपीट की, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। आरोपी उसे उसी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। अगले दिन सुबह मृतक का शव उसी स्थान पर मिला, जिसके चेहरे और आंख के पास चोट के स्पष्ट निशान पाए गए।

गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई : पुख्ता साक्ष्य मिलने पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी पुरूषोत्तम वर्मा उर्फ आसाराम और प्रियांशु वर्मा ने अपराध स्वीकार किया, जिन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। तीसरा आरोपी प्रियनाथ वर्मा उर्फ बाबू अंडा पूर्व से ही अन्य अपराध में जेल में निरुद्ध है।

सकरी पुलिस की सराहनीय सफलता : लगभग 20 दिन तक चली सतत जांच, तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस के बेहतर उपयोग से सकरी पुलिस ने इस अंधेकत्ल का सफल खुलासा कर एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता का परिचय दिया

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!