
बीजेपी ने चार राज्यों में बदले प्रदेश अध्यक्ष, 1 जून को दिल्ली में होगी बड़ी संगठनात्मक बैठक
नई संगठनात्मक रणनीति के तहत चार राज्यों में नियुक्त किए गए नए अध्यक्ष
NTN REPORT// भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है। पार्टी के नव-नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में यह फैसला लिया गया है। इन नियुक्तियों की आधिकारिक घोषणा पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह द्वारा अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी कर की गई।
पार्टी के अनुसार सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। इन बदलावों को आगामी चुनावी रणनीति और संगठनात्मक विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
1 जून को दिल्ली में होगी अहम बैठक
प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्तियों के साथ ही BJP ने 1 जून को नई दिल्ली में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक बुलाने का फैसला किया है। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे।
इस बैठक में देशभर के प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री बी एल संतोष तथा पार्टी के सभी राष्ट्रीय महामंत्री शामिल होंगे। बैठक में संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा, आगामी चुनावों की रणनीति, राज्यों में संगठन विस्तार तथा केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी।
दिल्ली BJP की कमान हर्ष मल्होत्रा को
केंद्रीय मंत्री को मिली राजधानी की जिम्मेदारी
दिल्ली BJP का नया प्रदेश अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को बनाया गया है। 62 वर्षीय हर्ष मल्होत्रा वर्तमान में केंद्र सरकार में दिल्ली से एकमात्र केंद्रीय मंत्री हैं।
उन्होंने इससे पहले दिल्ली BJP के महामंत्री के रूप में भी कार्य किया है। वर्ष 2015 में वह पूर्वी दिल्ली नगर निगम के मेयर भी रह चुके हैं। संगठनात्मक अनुभव और नगर निकाय प्रशासन की समझ के कारण उन्हें पार्टी का मजबूत संगठनकर्ता माना जाता है।
हर्ष मल्होत्रा ने वीरेन्द्र सचदेवा का स्थान लिया है, जिनका तीन वर्षीय कार्यकाल मार्च में पूरा हो गया था।
हरियाणा में अर्चना गुप्ता बनीं प्रदेश अध्यक्ष
दूसरी महिला अध्यक्ष बनने का गौरव
हरियाणा BJP की कमान अब डॉक्टर अर्चना गुप्ता को सौंपी गई है। पेशे से चिकित्सक अर्चना गुप्ता पार्टी की राज्य महामंत्री के रूप में कार्य कर चुकी हैं और पानीपत से जुड़ी हुई हैं।
उन्होंने मोहन लाल बडोली का स्थान लिया है। अर्चना गुप्ता हरियाणा BJP की दूसरी महिला प्रदेश अध्यक्ष बनी हैं। इससे पहले पार्टी की वरिष्ठ नेता कमल वर्मा इस पद की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।
पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों पर दांव
सिख चेहरे को आगे कर साधने की कोशिश
पंजाब BJP ने राज्य में सिख नेतृत्व को आगे बढ़ाते हुए केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।
ढिल्लों बरनाला से दो बार विधायक रह चुके हैं और पहले कांग्रेस में सक्रिय थे। उन्होंने वर्ष 2022 में कांग्रेस छोड़कर BJP का दामन थामा था। इसके बाद से वह पार्टी के राज्य उपाध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे थे।
राजनीतिक गलियारों में उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री कैप्काटन अमरिंदर सिंह करीबी माना जाता है। अमरिंदर सिंह ने भी 2022 में कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल होने का फैसला किया था।
त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को मिली जिम्मेदारी
विधायक को सौंपी गई प्रदेश संगठन की कमान
त्रिपुरा में BJP ने युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाते हुए अभिषेक देबरॉय को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।
अभिषेक देबरॉय वर्तमान में माताबाड़ी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में त्रिपुरा में संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी।
संगठन विस्तार और चुनावी तैयारी पर BJP का फोकस
चार राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति को BJP की व्यापक संगठनात्मक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनावों, संगठन विस्तार और केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के कार्यक्रमों को देखते हुए पार्टी नेतृत्व राज्यों में नई ऊर्जा और नए नेतृत्व के साथ आगे बढ़ने की तैयारी में जुट गया है।
यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।