
जांजगीर में बड़ी एंटी करप्शन कार्रवाई: अतिरिक्त तहसीलदार और पटवारी 35 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा | 04 फरवरी 2026। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने अतिरिक्त तहसीलदार और पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई धान उपार्जन केंद्र से जुड़ी गंभीर शिकायत के बाद की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी धीरेंद्र कुमार कौशिक, प्रभारी धान उपार्जन केंद्र चौरसट्टी द्वारा एसीबी बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि धान उपार्जन केंद्र चौरसट्टी में पदस्थ अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहरे द्वारा पूर्व में निरीक्षण किया गया था और निरीक्षण के बाद यह कहकर दबाव बनाया गया कि धान खरीदी का कार्य सही तरीके से नहीं किया जा रहा है।
रिपोर्ट न भेजने के एवज में मांगी गई थी मोटी रकम
शिकायत के अनुसार, अतिरिक्त तहसीलदार द्वारा निरीक्षण पंचनामा तैयार कर उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट न भेजने के एवज में 30 से 40 हजार रुपये की व्यवस्था करने को कहा गया। साथ ही अपने साथ आए पटवारी चौरसट्टी आयुष कुमार ध्रुव से अलग से बातचीत कर लेन-देन की बात तय करने का दबाव बनाया गया।
रिश्वत नहीं देना, बल्कि रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था प्रार्थी
प्रार्थी धीरेंद्र कुमार कौशिक रिश्वत देना नहीं चाहता था, बल्कि आरोपियों को रंगे हाथ पकड़वाने की मंशा से एसीबी से संपर्क किया। शिकायत का सत्यापन सही पाए जाने पर एसीबी बिलासपुर द्वारा ट्रैप की योजना बनाई गई।
35 हजार की रिश्वत लेते पकड़े गए दोनों आरोपी
आज दिनांक 04 फरवरी 2026 को आयोजित ट्रैप कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहरे और पटवारी आयुष कुमार ध्रुव को प्रार्थी से 35,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 एवं 12 के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।