Advertisment
धर्म

Amarnath Yatra 2025: बाबा बर्फानी की गुफा में अमर पक्षियों का रहस्य, क्यों केवल भाग्यशाली ही देख पाते हैं ये कबूतर?

Amarnath Yatra 2025: अमरनाथ यात्रा में भक्त कठिन रास्तों को पार कर बाबा बर्फानी के दर्शन करते हैं. गुफा में दो रहस्यमय कबूतरों का जोड़ा दिखाई देने की मान्यता है. कहते हैं यह दृश्य हर किसी को नहीं मिलता, सिर्फ वही देख पाते हैं जो भाग्यशाली होते हैं. यह रहस्य भक्तों की आस्था को और गहरा कर देता है.

NTN NEWS REPORT //  Amarnath Yatra 2025: अमरनाथ यात्रा को सिर्फ एक तीर्थ यात्रा कहना गलत होगा. यह यात्रा आस्था, तपस्या और अद्भुत चमत्कारों से भरी होती है. हर साल लाखों लोग कठिन पहाड़ी रास्तों को पार करके जम्मू-कश्मीर की बर्फीली घाटियों में स्थित बाबा बर्फानी के पवित्र गुफा मंदिर तक पहुंचते हैं. माना जाता है कि यहां भगवान शिव स्वयं विराजमान हैं. भक्त यहां न सिर्फ हिमलिंग (शिवलिंग) के दर्शन करने आते हैं, बल्कि कई लोग उस दिव्य क्षण की भी प्रतीक्षा करते हैं जब उन्हें अमर पक्षी यानी दो कबूतरों का जोड़ा दिखाई दे जाए. यह कोई आम कबूतर नहीं हैं, बल्कि पुरानी मान्यताओं के अनुसार ये अमर हैं. कहते हैं इन कबूतरों को वही देख सकता है जिसके ऊपर बाबा बर्फानी की विशेष कृपा होती है. इस यात्रा के दौरान भक्त जो भक्ति और विश्वास लेकर गुफा तक पहुंचते हैं, वह उन्हें जीवनभर के लिए अविस्मरणीय अनुभव दे जाता है।

सोर्स, सोशल मीडिया

अमरनाथ गुफा का ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व : अमरनाथ गुफा के बारे में कई पौराणिक कथाएं प्रचलित हैं. अमरनाथ की सबसे प्रसिद्ध कथा यह है कि यहां भगवान शिव ने माता पार्वती को अमरता का रहस्य सुनाया था. कथा के अनुसार जब माता पार्वती ने अमर होने का उपाय पूछा तो शिव जी उन्हें इस गुप्त रहस्य को बताने के लिए एकांत जगह की तलाश में निकल पड़े. हिमालय की दुर्गम पहाड़ियों के बीच यह गुफा सबसे उपयुक्त लगी. यहां आने से पहले उन्होंने नंदी, गंगा, चंद्रमा, नाग और गणों को भी छोड़ दिया ताकि कोई भी उनके और पार्वती के बीच न आए।

जब भगवान शिव माता पार्वती को अमर कथा सुना रहे थे, उसी समय पास में दो कबूतर छिपकर वह कथा सुन रहे थे. कथा समाप्त होने के बाद भगवान शिव को जब यह बात पता चली, तो उन्होंने क्रोधित होकर उन्हें दंड देने की बजाय अमर होने का आशीर्वाद दे दिया. तभी से ऐसा माना जाता है कि ये कबूतर अमर हो गए और हर साल अमरनाथ यात्रा के समय गुफा में दिखाई देते हैं।

आज भी दिखाई देते हैं अमर पक्षी : अमरनाथ यात्रा तीर्थ यात्रियों ने यह दावा किया है कि उन्होंने गुफा के अंदर दो सफेद कबूतरों को देखा है. सोचिए, इतनी ठंडी जगह, जहां ऑक्सीजन की भी कमी हो जाती है, वहां पर पक्षियों का जीवित रहना लगभग नामुमकिन है. फिर भी ये कबूतर हर साल एक निश्चित समय पर दिखाई देते हैं. कई बार सुरक्षा बलों ने भी इन कबूतरों के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए हैं, जिससे यह रहस्य और भी गहरा हो जाता है।

किन्हें होते हैं इन अमर पक्षियों के दर्शन? : यह माना जाता है कि अमर पक्षियों का दर्शन हर किसी को नहीं होता. कहते हैं कि जिन्हें बाबा बर्फानी विशेष कृपा देते हैं, वही इन पक्षियों को देख पाते हैं. यात्रा के दौरान कई भक्त पूर्ण निष्ठा और सच्चे मन से बाबा के दर्शन करने आते हैं. ऐसे ही कुछ भक्तों को गुफा में बर्फ से बने शिवलिंग के पास दो सफेद कबूतर बैठे दिखाई देते हैं. कई लोग यह भी बताते हैं कि जैसे ही उन्होंने उन कबूतरों को देखा, वे पल भर में वहां से अदृश्य हो गए. इस चमत्कार को देखने वाले खुद को अत्यंत सौभाग्यशाली मानते हैं।

आस्था या विज्ञान? : वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखें तो कुछ लोग इसे एक सामान्य प्राकृतिक घटना बताते हैं. उनका मानना है कि आसपास के क्षेत्रों से कबूतर गुफा में चले आते हैं. लेकिन जब सवाल भक्तों की आस्था का हो, तब विज्ञान के सारे तर्क भी फीके पड़ जाते हैं. भक्त मानते हैं कि यह बाबा बर्फानी की ही लीला है, जो अपने भक्तों को यह दुर्लभ दर्शन कराते हैं।

क्यों है अमरनाथ यात्रा इतनी खास? : अमरनाथ यात्रा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि यह जीवन में धैर्य, समर्पण और आस्था की परीक्षा भी है. कड़ाके की ठंड, कठिन चढ़ाई और ऑक्सीजन की कमी के बावजूद जब भक्त हर हर महादेव के जयकारों के साथ आगे बढ़ते हैं, तो यह यात्रा उन्हें आध्यात्मिक रूप से भी मजबूत कर देती है. इसी यात्रा में जब किसी को अमर पक्षियों के दर्शन होते हैं, तो यह उनके लिए बाबा बर्फानी की ओर से दिया गया एक दिव्य आशीर्वाद होता है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!