
खमतराई में पूर्व पटवारी ने मिशल नक्शे में की छेड़छाड़, फिर बनाई कॉलोनी, बीडीए ग्रुप के नाम से शुरू की कंस्ट्रक्शन एजेंसी, कई खसरों के रकबे हुए प्रभावित…
एसडीएम ने कहा जांच कर करेंगे उचित कार्यवाही..
बिलासपुर,30 मार्च 2025// खमतराई क्षेत्र में भू-माफिया लगातार अवैध प्लॉटिंग कर रहे हैं। इस मामले में पूर्व पटवारी और वर्तमान में बीडीए ग्रुप के नाम से कंस्ट्रक्शन और जमीन खरीद-बिक्री का कारोबार करने वाले बृजेश साहू और अविनाश साहू का नाम सामने आया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने हल्का नंबर 25 के पुराने मिशल नक्शे में छेड़छाड़ कर कई खसरों को प्रभावित किया और अवैध कॉलोनी विकसित कर दी।
शिकायतकर्ता प्रदीप पाली ने बताया कि पटवारी और आरआई से सांठगांठ कर मिशल नक्शे में बदलाव किया गया, जिससे खसरा नंबर 971/5, 971/6, 971/7 प्रभावित हुए हैं। इतना ही नहीं, खसरा नंबर 740 की जगह 738 को दिखाया गया और 738 के स्थान पर 740 अंकित कर दिया गया। इस हेरफेर से जमीन के रकबे भी बदल गए हैं, जिससे कई मूल भू-स्वामी परेशान हैं। इस गड़बड़ी का लाभ उठाकर बीडीए ग्रुप ने बड़ी मात्रा में अवैध प्लॉटिंग शुरू कर दी। वर्तमान में भी जमीन की खरीदी-बिक्री का खेल चल रहा है।
शिकायत पेंडिंग, कार्रवाई का इंतजार : इस हेरफेर के खिलाफ प्रभावित भू-स्वामियों ने बिलासपुर तहसील कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन महीनों बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस जांच या कार्रवाई नहीं हुई है। जबकि एसडीएम ने जांच के आदेश दिए थे, लेकिन तहसीलदार ने अब तक इस जांच को पूरा कराकर रिपोर्ट तक नहीं दी है। इस वजह से जिनकी जमीन प्रभावित हुई है, वे लगातार प्रशासन से न्याय की मांग कर रहे हैं।
अवैध प्लॉटिंग पर प्रशासन की चुप्पी : खमतराई क्षेत्र में हो रही इस अवैध प्लॉटिंग को लेकर प्रशासन की निष्क्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि भू-माफिया खुलेआम नियमों को ताक पर रखकर अवैध कॉलोनी बसा रहे हैं, लेकिन प्रशासन अब तक मूकदर्शक बना हुआ है। इस क्षेत्र में चल रही अवैध प्लॉटिंग को लेकर एसडीएम मनीष साहू से संपर्क किया गया, जिस पर उन्होंने मौका निरीक्षण कर उचित कार्यवाही की बात कही।