
365 फीट लंबी चुनरी यात्रा के साथ निकली आस्था की शोभायात्रा, देवी दाई मंदिर में हुई महाआरती
गायत्री मंदिर प्रज्ञा पीठ से निकली चुनरी यात्रा बस्ती स्थित देवी दाई मंदिर पहुंची, नौ कन्याओं का पूजन कर किया गया प्रसाद वितरण
NTN REPORT// जांजगीर। गायत्री मंदिर प्रज्ञा पीठ के तत्वावधान में धार्मिक आस्था और सनातन संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से 365 फीट लंबी चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा गायत्री मंदिर से प्रारंभ होकर बस्ती स्थित देवी दाई मंदिर पहुंची। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद देवी दाई की महाआरती की गई। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महाआरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाहक चंद्रशेखर देवांगन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। गायत्री प्रज्ञा पीठ की संस्थापक चमेली देवी शुक्ला, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य लोमस राम साहू, सह विभाग कार्यवाह लक्ष्मी नारायण सोनी, बाल संरक्षण आयोग के सदस्य मनमथनाथ शर्मा तथा धर्म जागरण समन्वय की प्रांतीय मातृशक्ति सहसंयोजक अंजू गबेल सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
सनातन धर्म की रक्षा के लिए एकजुट होने का संदेश
चुनरी यात्रा में जांजगीर के विभिन्न धार्मिक समूहों, समितियों और महिला मंडलों की सहभागिता रही। आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था को मजबूत करने, सनातन संस्कृति के संरक्षण तथा समाज में एकजुटता की भावना को बढ़ावा देना रहा। विभिन्न संगठनों की महिलाओं ने यात्रा में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष सहयोग दिया।
विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों की रही सहभागिता
इस आयोजन में सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय, जागृति महिला मंडल, उमा महेश्वर शिव मंदिर समिति, गायत्री प्रज्ञा पीठ मंदिर, शारदा मंदिर, पतंजलि समिति, ब्राह्मण नारी नवचेतना, कचहरी चौक का राजा, मित्र परिवार बस्ती, मंच बागेश्वर धाम समिति तथा अंबे मां कीर्तन मंडली सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता रही।
नौ कन्याओं का पूजन कर लिया आशीर्वाद
कार्यक्रम के दौरान नौ कन्याओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का प्रतीक मानकर उनकी पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद देवी दाई मंदिर में महाआरती संपन्न हुई और उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
365 फीट लंबी चुनरी यात्रा के आयोजन में धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों की सामूहिक भागीदारी देखने को मिली। आयोजकों और सहयोगी समूहों के प्रयासों से कार्यक्रम धार्मिक श्रद्धा और सामूहिक सहभागिता के साथ संपन्न हुआ।