
अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
पामगढ़ में पीड़िता से 10 हजार रुपये वसूलने के बाद भी नहीं रुका आरोपी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 15 अक्टूबर 2026। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान रूपेश भारती के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पीड़िता की नहाते समय चुपके से आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए थे। इसके बाद उन्हें इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी देकर 10 हजार रुपये की मांग की थी।
पैसे देने के बाद भी करता रहा परेशान
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी की धमकी से भयभीत होकर पीड़िता ने उसे 10 हजार रुपये दे दिए थे। इसके बावजूद आरोपी की कथित ब्लैकमेलिंग बंद नहीं हुई। आरोप है कि वह पीड़िता को लगातार परेशान करता रहा तथा पैसे नहीं देने पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने लगा। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत पर अपराध दर्ज, 24 घंटे में गिरफ्तारी
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 451/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 77, 79 एवं 308(2) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में थाना पामगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक कविता टंडन तथा आरक्षक भुनेश्वर पटेल और सीताराम सूर्यवंशी का सराहनीय योगदान रहा।