Advertisment
अपराधजांजगीर-चांपा

48 घंटे में तीन मंदिर चोरी कांड का खुलासा: 16.60 लाख का चोरी गया माल शत-प्रतिशत बरामद, 3 आरोपी व एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक पकड़े गए

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। जिले के तीन प्रमुख मंदिरों में हुई लाखों रुपये की चोरी की गुत्थी को जांजगीर-चांपा पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सुलझाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर टीम और थाना नवागढ़ तथा बम्हनीडीह पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों एवं एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक को पकड़कर चोरी गए करीब 16 लाख 60 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के छत्र, मुकुट, चक्र, दान पेटी सहित नकदी को शत-प्रतिशत बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक कटर और मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

तीन मंदिरों को बनाया था निशाना

पुलिस के अनुसार 1 और 2 अगस्त 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने जिले के तीन मंदिरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

  • बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर से दो चांदी के छत्र चोरी किए गए।
  • नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम महत स्थित चंडी दाई मंदिर से देवी प्रतिमाओं के चांदी के मुकुट, सोने के आभूषण और दान पेटी चोरी कर ली गई।
  • ग्राम जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर से चांदी का छत्र चोरी कर लिया गया।

तीनों मामलों में थाना नवागढ़ में दो तथा थाना बम्हनीडीह में एक अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी।

100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय स्वयं घटनास्थलों पर पहुंचे और तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चोरी गए सामान की बरामदगी के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडन यार्क के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने घटनास्थलों और संभावित मार्गों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर चार युवक घटना के समय घूमते दिखाई दिए, जिसके आधार पर साइबर तकनीक और मैनुअल इनपुट की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबिश देकर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में कबूला अपराध

एसडीओपी लोकेश बंसल और सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में आरोपियों से पूछताछ की गई। प्रारंभ में आरोपी पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की पूरी वारदात स्वीकार कर ली।

आरोपियों की निशानदेही पर प्रशांत पटेल के घर के पीछे गड्ढे में छिपाकर रखा गया चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया। साथ ही ताला काटने में प्रयुक्त इलेक्ट्रॉनिक कटर और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।

कर्ज से परेशान होकर बनाई थी चोरी की योजना

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लाखों रुपये के कर्ज में डूबे हुए थे। आर्थिक तंगी से उबरने के लिए उन्होंने घटना से एक दिन पहले मंदिरों की रेकी की और चोरी की योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपी

  • प्रशांत पटेल (23 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
  • प्रभात पटेल (18 वर्ष 2 माह), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
  • परमानंद पटेल (25 वर्ष), निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
  • एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक

इन अधिकारियों और टीम की रही अहम भूमिका

पूरे अभियान में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, उपनिरीक्षक विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा, राजकुमार चंद्रा, विवेक सिंह सहित साइबर टीम के अन्य पुलिसकर्मियों तथा थाना नवागढ़ प्रभारी मणिकांत पांडेय, थाना बम्हनीडीह प्रभारी दिलीप सिंह एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!