Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

हाईस्कूल सुखरीकला में समर कैम्प के तहत कैरियर गाइडेंस सेमिनार आयोजित, विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के बताए गुर

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशन में शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुखरीकला में 5 जून को समर कैम्प के अंतर्गत कैरियर गाइडेंस सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञों ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा के अवसरों तथा रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।सेमिनार में प्राचार्य बी.एल. चौधरी, व्याख्याता एल.एन. सोनकर, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) कार्यक्रम अधिकारी आर.के. राठौर, व्याख्याता के.एस. कंवर तथा इंजीनियर युवराज सिंह ने विद्यार्थियों को प्री-इंजीनियरिंग, सीपेट, फार्मेसी, नर्सिंग, पुलिस, होमगार्ड, नगर सैनिक, अग्निवीर, आईटीआई, आईआईटी, पॉलिटेक्निक, डीएलएड, बीएड, एलएलबी, एमबीबीएस, सीजीपीएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं एवं करियर विकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति, समय प्रबंधन, अध्ययन पद्धति तथा लक्ष्य निर्धारण के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराते हुए सफलता प्राप्त करने के प्रभावी सूत्र बताए। इस अवसर पर प्राचार्य बी.एल. चौधरी ने कहा कि आत्मविश्वास, अनुशासन और कड़ी मेहनत किसी भी परीक्षा में सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से योजनाबद्ध तैयारी एवं निरंतर परिश्रम करने का आह्वान किया।

एनएसएस स्वयंसेवकों को वितरित किए गए ‘ए’ प्रमाण-पत्र

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को एनएसएस ‘ए’ प्रमाण-पत्र परीक्षा के सर्टिफिकेट भी प्रदान किए गए। प्रमाण-पत्र प्राप्त कर स्वयंसेवकों ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा भविष्य में सामाजिक एवं राष्ट्रीय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर चित्रकला प्रतियोगिता एवं वृक्षारोपण

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, ग्लोबल वार्मिंग की रोकथाम तथा पेड़-पौधों के महत्व को अपनी कलात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से चित्रों में प्रस्तुत किया।

इसके साथ ही विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर नीम, आम एवं अमरूद के पौधे लगाए गए। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।

प्रतिभागियों का किया गया सम्मान

चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य द्वारा पेन एवं डायरी प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधान पाठक के.के. राठौर, शिक्षक फूलसाय ताम्ब्रे, एनएसएस स्वयंसेवक आर्यन टंडन, पियूष बैरागी, उमेश तांब्रे, विक्रम मन्नेवार, रागिनी बरेठ, कंचन मन्नेवार, सुमन कंवर, सुरभि साहू, पुष्पांजलि यादव, आकांक्षा यादव, गरिमा साहू सहित विद्यालय परिवार, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!