Advertisment
Advertisment
छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में 60 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों की पदस्थापना, पुलिस कमिश्नर ने दिए जनसेवा और अनुशासन के मंत्र

NTN REPORT// रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में नियुक्त 60 नवचयनित प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को विभिन्न थाना क्षेत्रों में प्रशिक्षण एवं पदस्थापना प्रदान की गई। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सभी प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को संबोधित करते हुए उन्हें पुलिस सेवा की गरिमा, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया।

प्रशिक्षण एवं पदस्थापना के लिए विभिन्न थानों में किया गया तैनात

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा निर्धारित शेड्यूल के अनुसार सभी 60 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को शहर के विभिन्न थानों में प्रशिक्षण हेतु पदस्थ किया गया है। पुलिस कमिश्नर की ब्रीफिंग के बाद सभी प्रशिक्षु अधिकारी अपने-अपने पदस्थापना स्थलों के लिए रवाना हुए, जहां वे पुलिसिंग के व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

पुलिस सेवा आमजन के विश्वास का प्रतीक : डॉ. संजीव शुक्ला

अपने संबोधन में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि पुलिस विभाग आम जनता के विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक है। प्रत्येक पुलिस अधिकारी का दायित्व है कि वह संवेदनशीलता, निष्पक्षता और पेशेवर दक्षता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे।

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नागरिकों के प्रति सकारात्मक और सहयोगात्मक व्यवहार भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर उन्होंने जोर दिया।

अपराध नियंत्रण और जनसहभागिता पर दिया विशेष जोर

पुलिस कमिश्नर ने नव पदस्थ उप निरीक्षकों को अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की मजबूती, सामुदायिक पुलिसिंग और जनसंपर्क को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग में तकनीकी दक्षता के साथ-साथ जनता का विश्वास अर्जित करना भी अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे अपनी ऊर्जा, क्षमता और समर्पण के बल पर रायपुर पुलिस की कार्यसंस्कृति को और अधिक मजबूत बनाएंगे तथा पुलिस विभाग की सकारात्मक छवि को आगे बढ़ाएंगे।

तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश

कमिश्नरेट प्रशासन द्वारा सभी नवचयनित उप निरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से अपने-अपने पदस्थापना स्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का मानना है कि इन नियुक्तियों से थाना स्तर पर पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा नागरिकों को बेहतर एवं त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले, पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश गुप्ता, पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त डॉ. अर्चना झा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल शर्मा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस कमिश्नर निलेश द्विवेदी, निरीक्षक अनीष सारथी सहित पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!