बंगाल की बहनों के लिए वादों की झड़ी, टीएमसी पर तीखा प्रहार, मेदिनीपुर की विजय संकल्प रैली में पीएम मोदी का दावा – इस बार बदलेगी सरकार
NTN NEWS REPORT// पश्चिम बंगाल। चुनावी माहौल के बीच प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने मेदिनीपुर में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। जनसभा में प्रधानमंत्री ने राज्य की सत्ताधारी (टीएमसी) पर तीखा हमला बोला और आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने का दावा किया।

टीएमसी पर घुसपैठ और भ्रष्टाचार के आरोप
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार मूल नागरिकों के अधिकारों की अनदेखी कर घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता अब परिवर्तन चाहती है और इस बार टीएमसी को कड़ी सजा मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में टीएमसी का एक भी विधायक जीतकर नहीं आएगा।
महिला आरक्षण को लेकर टीएमसी पर निशाना
लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़े विधेयक के गिरने का मुद्दा उठाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि टीएमसी ने बंगाल की महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के प्रयास को विपक्ष ने विफल किया।
“15 साल में लूट में पीएचडी कर ली”
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में टीएमसी सरकार पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि शिक्षक भर्ती, मिड-डे मील, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास, ग्रामीण सड़क निर्माण और चक्रवात राहत जैसी योजनाओं में भारी अनियमितताएं हुई हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, “15 साल में उन्होंने लूट करने में पीएचडी कर ली है। तोलाबाजी, कटमनी, सिंडिकेट और अब बालू चोरी से लेकर सरकारी नौकरी तक की चोरी—हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार हुआ है।” उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों को मिलने वाले मुफ्त राशन तक में गड़बड़ी की गई।
महिलाओं के लिए कई बड़े वादे
रैली के दौरान प्रधानमंत्री ने महिलाओं के लिए कई योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर “मातृ शक्ति भरोसा कार्ड” के तहत हर महिला को सालाना 36,000 रुपये दिए जाएंगे। गर्भवती महिलाओं को 21,000 रुपये की सहायता राशि देने का भी वादा किया गया।
इसके अलावा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए मुद्रा योजना के तहत 20 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद देने और छात्राओं की पढ़ाई के लिए 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार राज्य में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करेगी तथा गरीबों को उनके हक का राशन बिना किसी भ्रष्टाचार के उपलब्ध कराया जाएगा।
बदलाव का आह्वान
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने जनता से टीएमसी सरकार को सत्ता से बाहर करने का आह्वान किया और कहा कि बंगाल में इस बार “सबका हिसाब” होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य की जनता विकास और सुशासन के पक्ष में मतदान करेगी।