
भगवान श्री परशुराम प्राकट्योत्सव पर आज निकलेगी भव्य शोभायात्रा, जिले भर से हजारों विप्रजन होंगे शामिल
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। भगवान श्री परशुराम प्राकट्योत्सव पर्व सोमवार 20 अप्रैल को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा शाम 5 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर जांजगीर (पुलिस कंट्रोल रूम के सामने) से प्रारंभ होकर कचहरी चौक और नेताजी चौक होते हुए परशुराम चौक (रेलवे स्टेशन नैला) पहुंचेगी, जहां भगवान श्री परशुराम जी की मूर्ति का पूजन-अर्चन किया जाएगा।
पूजन के पश्चात शोभायात्रा का समापन नैला स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में होगा, जहां सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन-प्रसाद की व्यवस्था की गई है।
पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे श्रद्धालु
शोभायात्रा में जिले भर से हजारों विप्रजन परिवार सहित शामिल होंगे। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों की सहभागिता रहेगी। यात्रा की शुरुआत शंखनाद और डमरू की ध्वनि के साथ होगी। वैदिक मंत्रोच्चार और स्तोत्र वाचन के साथ विप्रजन शोभायात्रा में अग्रिम पंक्ति में चलेंगे।
ब्राह्मण नारी नव चेतना मंच द्वारा आयोजित उपनयन संस्कार में शामिल बटुक पारंपरिक वेशभूषा में शोभायात्रा का हिस्सा बनेंगे। यात्रा में करमा नृत्य दल, कीर्तन मंडली और डीजे की व्यवस्था भी रहेगी। डीजे के पीछे भजन-कीर्तन और नृत्य करती हुई बालिकाओं एवं महिलाओं की टोलियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
भगवान श्री परशुराम जी की प्रतिकृति से सुसज्जित रथ शोभायात्रा में शामिल रहेगा, जिसमें दोनों ओर विशेष प्रकाश व्यवस्था की गई है। रथ के पीछे युवाओं का दल उत्साहपूर्वक नृत्य करता हुआ चलेगा।
शहर में लगाए गए फ्लेक्स और सजावट
प्राकट्योत्सव को लेकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और प्रवेश द्वारों पर भगवान परशुराम जी के चित्रयुक्त फ्लेक्स लगाए गए हैं। कचहरी चौक, नेताजी चौक एवं परशुराम चौक को तोरण, पताका और ध्वजों से सजाया गया है।
परशुराम चौक नैला स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में लगभग 2000 लोगों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई है। शोभायात्रा में वृद्ध, महिला या दिव्यांग श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बैटरी चालित ई-रिक्शा की व्यवस्था भी की गई है।
ग्रामीण क्षेत्रों से भी होगी सहभागिता
जांजगीर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी विप्रजनों को शोभायात्रा में शामिल करने के लिए बसों की व्यवस्था की गई है। रात्रि भोज के उपरांत उन्हें पुनः विभिन्न ग्रामों तक पहुंचाने के लिए बसों की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
आयोजकों ने पुरुषों से पीले या भगवा रंग के कुर्ता-पायजामा तथा महिलाओं से पीले या लाल रंग की साड़ी पहनकर आने का आग्रह किया है। साथ ही 20 अप्रैल को अपने-अपने घरों के बाहर दीप प्रज्वलित करने और रंगोली सजाने की अपील की गई है।
भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर सर्व ब्राह्मण समाज एवं शहरवासियों में उत्साह का माहौल है। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान श्री परशुराम जी का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया है।