
जांजगीर चाम्पा पुलिस की पहल: किसानों को ठगी से बचाने जागरूकता पोस्टर का विमोचन
NTN REPORT// जांजगीर चाम्पा, 27 फरवरी 2026। जिले में किसानों और ग्रामीण नागरिकों के साथ बैंक से धनराशि निकालकर घर लौटते समय हो रही ठगी की घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने जागरूकता संबंधी पोस्टर का विमोचन किया। यह पहल आमजन को सतर्क और जागरूक बनाने के लिए की गई है, ताकि वे ठगों के झांसे में आने से बच सकें।
इस दौरान विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि हाल के दिनों में ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें किसान और ग्रामीण बैंक से पैसे निकालने के बाद रास्ते में ठगी का शिकार हो रहे हैं। ठग विभिन्न तरीकों से बातचीत में उलझाकर या मदद के नाम पर रकम पार कर देते हैं। इन घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
🔹 कार्यक्रम की मुख्य बातें
- किसानों एवं ग्रामीण नागरिकों को ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
- बैंक परिसर और आसपास सक्रिय संदिग्ध व्यक्तियों से सतर्क रहने की अपील की गई।
- बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
- किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
🔹 बैंक से धनराशि निकालते समय बरतें ये सावधानियां
- अधिक धनराशि निकालते समय अकेले न जाएं, किसी विश्वसनीय व्यक्ति को साथ रखें।
- बैंक के अंदर और बाहर अपने आसपास के लोगों पर नजर रखें।
- किसी अज्ञात व्यक्ति से सहायता न लें।
- पैसे गिनने या बैग बदलने जैसी गतिविधियों से सावधान रहें।
- संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 या पुलिस कंट्रोल रूम मोबाइल नंबर 94791-93199 पर सूचना दें।
🔹 साइबर ठगी से बचाव के लिए जरूरी सुझाव
- किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें।
- ओटीपी, एटीएम पिन और बैंक डिटेल्स किसी के साथ साझा न करें।
- बैंक अधिकारी बनकर जानकारी मांगने वाले कॉल से सतर्क रहें।
- साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने विशेष रूप से किसानों को सलाह दी कि बैंक या अन्य स्थानों पर धन आहरण के लिए जाते समय अपने किसी परिजन या विश्वसनीय व्यक्ति को साथ लेकर जाएं। “एक से भले दो” की तर्ज पर सामूहिक सतर्कता से सुरक्षा और अधिक मजबूत होती है।
जिले में चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान से उम्मीद है कि ठगी की घटनाओं में कमी आएगी और ग्रामीण नागरिक अधिक सुरक्षित महसूस करेंगे।