
किसान की बेबसी या सिस्टम की जटिलता?
शासन-प्रशासन की पहल से हाई टेंशन टावर से उतरा किसान, कारणों की जांच जारी
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कसौंदी से सामने आए चिंताजनक मामले में अब राहत की खबर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धान खरीदी एवं टोकन से जुड़ी समस्याओं के चलते मानसिक तनाव में आकर हाई टेंशन विद्युत टावर पर चढ़े किसान अनिल सूर्यवंशी को शासन एवं पुलिस प्रशासन की समझाइश और सतर्क पहल के बाद सुरक्षित रूप से नीचे उतार लिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरी संवेदनशीलता के साथ स्थिति को संभाला। अधिकारियों द्वारा किसान से संवाद कर उसे समझाइश दी गई, जिसके बाद किसान स्वयं टावर से नीचे उतर आया। प्रशासनिक हस्तक्षेप के चलते किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
जिम्मेदार अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसान द्वारा यह कदम उठाने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। धान खरीदी, टोकन अथवा अन्य किसी कारण से जुड़ी समस्या थी या नहीं, इसका तथ्यात्मक आकलन जांच के बाद ही सामने आ पाएगा। फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं बताया गया है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि वर्तमान स्थिति पूरी तरह सामान्य है और चिंता की कोई बात नहीं है। किसान सुरक्षित है तथा उसकी समस्याओं को नियमानुसार सुनने और समाधान की प्रक्रिया अपनाने की बात कही गई है।
यह घटना किसानों से जुड़ी व्यवस्थाओं में संवाद, समयबद्ध समाधान और संवेदनशीलता की आवश्यकता को रेखांकित करती है। प्रशासनिक अमला पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।