Advertisment
Advertisment
रायपुरस्थानीय समाचार / शहर की खबरें

दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल बने पुलिस उप महानिरीक्षक

बेदाग छवि, रिजल्ट ओरिएंटेड कार्यशैली और 5 जिलों की सफल कप्तानी का मिला सम्मान

NTN NEWS REPORT// रायपुर/दुर्ग। छत्तीसगढ़ शासन गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत दुर्ग जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल को पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) के पद पर पदोन्नत किया गया है। यह पदोन्नति भारतीय पुलिस सेवा (राज्य पुलिस सेवा) के उन अधिकारियों को दी गई है, जिन्होंने 14 वर्ष की सेवा पूर्ण कर ली है।राज्य पुलिस सेवा में DSP के रूप में करियर की शुरुआत करने वाले विजय अग्रवाल आज अपनी कार्यकुशलता, अनुशासन और परिणाम आधारित पुलिसिंग के चलते पुलिस उप महानिरीक्षक के पद तक पहुंचे हैं। वर्तमान में वे दुर्ग जिले में पुलिस अधीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

लगातार 5वें जिले में कप्तानी, हर जगह छोड़ी मजबूत छाप

विजय अग्रवाल जशपुर, जांजगीर-चाम्पा, अंबिकापुर, बलौदा बाजार और दुर्ग — लगातार पांचवें जिले में पुलिस कप्तान के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। हर जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग सिस्टम को प्रभावी बनाने में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही है।

बलौदा बाजार अग्निकांड के बाद व्यवस्था सुधार में निभाई अहम भूमिका

बलौदा बाजार में हुए अग्निकांड के बाद जब हालात बेहद संवेदनशील थे, तब विजय अग्रवाल को वहां भेजा गया। उन्होंने न केवल कानून व्यवस्था को संभाला, बल्कि बदहाल पुलिसिंग सिस्टम को पटरी पर लाने में निर्णायक योगदान दिया। यही वजह है कि उन्हें संकटमोचक अफसर के रूप में भी देखा जाता है।

कड़क मिजाज, लेकिन लक्ष्य सिर्फ कानून व्यवस्था

विजय अग्रवाल का व्यक्तित्व कड़क मिजाज वाला जरूर माना जाता है, लेकिन उनका एकमात्र लक्ष्य कानून व्यवस्था और प्रभावी पुलिसिंग रहा है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से लेकर शहरी इलाकों तक, हर जगह उनकी कार्यशैली ने परिणाम दिए हैं। वे उन चुनिंदा अफसरों में गिने जाते हैं, जिन्हें सिर्फ “पुलिस और पुलिसिंग” के लिए जाना जाता है।

बेदाग सेवाकाल और बौद्धिक पहचान भी

पूरे सेवाकाल में विजय अग्रवाल की गिनती बेदाग छवि और रिजल्ट देने वाले अधिकारियों में होती रही है। पुलिसिंग के साथ-साथ उनकी बौद्धिक रुचि भी चर्चित है। डॉग (पुलिस डॉग) पर लिखी गई उनकी पुस्तक उनकी अलग पहचान को दर्शाती है।

रायपुर जिले के मूल निवासी

विजय अग्रवाल मूलतः छत्तीसगढ़ राज्य के रायपुर जिले के निवासी हैं। राज्य पुलिस सेवा में रहते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ के विभिन्न अंचलों में सेवा देकर प्रशासनिक अनुभव और जमीनी पुलिसिंग का मजबूत उदाहरण पेश किया है।

पुलिस उप महानिरीक्षक के पद पर पदोन्नति के साथ अब उनसे राज्य स्तर पर और अधिक प्रभावी पुलिस नेतृत्व की अपेक्षा की जा रही है।

देखिए आदेश…

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!