
जिला प्रेस क्लब जांजगीर-चांपा को मिली बड़ी सौगात, भवन निर्माण हेतु विधिवत भूमि पूजन संपन्न
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। जिला प्रेस क्लब जांजगीर-चांपा के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और अत्यंत हर्ष का रहा। वर्षों से चली आ रही प्रतीक्षा के बाद आखिरकार जिला प्रेस क्लब के स्वयं के भवन निर्माण की दिशा में पहला ठोस कदम उठाया गया। आज क्लब भवन के लिए विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ।
उल्लेखनीय है कि जांजगीर-चांपा जिले के गठन को लगभग 27 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं, किंतु इतने लंबे समय तक जिला प्रेस क्लब के पास अपना स्थायी भवन नहीं था। इस कमी को लेकर जिले के पत्रकार बंधुओं में सदैव एक पीड़ा और आवश्यकता महसूस की जाती रही।
आज आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ पत्रकारों की गरिमामय उपस्थिति रही। विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन संपन्न किया गया। इस अवसर ने सभी पत्रकारों के चेहरों पर खुशी और संतोष की मुस्कान बिखेर दी।
जिला प्रेस क्लब भवन का निर्माण पत्रकारों के लिए न केवल एक स्थायी पहचान देगा, बल्कि यह आपसी संवाद, विचार-विमर्श, पत्रकार हितों की रक्षा एवं संगठनात्मक गतिविधियों का मजबूत केंद्र भी बनेगा।
भूमि पूजन के साथ ही वर्षों का सपना साकार होने की ओर अग्रसर हुआ है, जिससे समस्त पत्रकार बंधुओं में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है। यह भवन आने वाले समय में जिले की पत्रकारिता को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगा।