Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपाराजनीतिस्थानीय समाचार / शहर की खबरें

कांग्रेस बताए किसानों के साथ है या अपराधियों के साथ: नारायण चंदेल

NTN NEWS REPORT// जांजगीर। भाजपा कार्यालय जांजगीर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का अपराधियों को बचाने का पुराना रवैया एक बार फिर छत्तीसगढ़ की जनता के सामने आ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत धोखाधड़ी के आरोपी कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू का खुला समर्थन कर रहे हैं।नारायण चंदेल ने कहा कि आरोपी विधायक बालेश्वर साहू ने पीड़ित किसान राजकुमार शर्मा के 42 लाख 78 हजार रुपये हड़प लिए। न्यायालय ने पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को जेल भेजा है, इसके बावजूद कांग्रेस पार्टी अपराधी के साथ खड़ी नजर आ रही है। यह कांग्रेस की किसान विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा अपराधियों का साथ देती रही है और किसानों की हितैषी बनने का ढोंग करती है। अब कांग्रेस पार्टी और उसके नेता यह स्पष्ट करें कि वे अन्नदाता किसानों के साथ खड़े हैं या फिर अपराधियों के साथ। पीड़ित किसान का पैसा खाने वाले आरोपी विधायक के समर्थन में खड़े होकर कांग्रेस अपनी काली करतूतों को उजागर कर रही है।

भाजपा की मांग: विधायक बालेश्वर साहू दें इस्तीफा

भाजपा ने मांग की है कि किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वाले विधायक बालेश्वर साहू तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें और कांग्रेस पार्टी उन्हें निष्कासित करे।

कानूनी प्रक्रिया और न्यायालय के आदेश का विवरण

जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू से जुड़े प्रकरण को लेकर फैलाए जा रहे राजनीतिक आरोपों और भ्रम के बीच भाजपा ने तथ्यों को सामने रखने की आवश्यकता बताई। पार्टी ने स्पष्ट किया कि यह पूरा मामला कानून, जांच और न्यायालय की प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है, न कि किसी राजनीतिक दबाव या रणनीति से।

बालेश्वर साहू के खिलाफ अलग-अलग समय पर विभिन्न प्रकृति के तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वर्तमान में उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 के तहत आरोप दर्ज हैं।

इस आर्थिक भ्रष्टाचार के मामले में जांच के दौरान सह-आरोपी गौतम राठौर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वहीं, विधायक बालेश्वर साहू ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी, जिस पर न्यायालय ने जांच पूर्ण होने तक गिरफ्तारी नहीं करने का निर्देश दिया था और जांच निष्पक्ष रूप से जारी रखने के आदेश दिए थे।

जांच पूर्ण होने के बाद पुलिस द्वारा नियमानुसार नोटिस जारी कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। सभी साक्ष्यों और दस्तावेजों के अवलोकन के पश्चात न्यायालय ने आदेश पारित करते हुए आगे की कार्यवाही के तहत जेल भेजने का निर्देश दिया। भाजपा ने कहा कि न्यायालय के आदेश का सम्मान करना सभी का कर्तव्य है।

जेल में मुलाकातों पर कांग्रेस पर नियम उल्लंघन का आरोप

नारायण चंदेल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता लगातार जेल जाकर अपने पार्टी के अपराधी विधायक से बड़ी संख्या में मुलाकात कर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है।

पत्रकार वार्ता में ये रहे उपस्थित

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े, सरगुजा जिला संगठन प्रभारी कृष्णकांत चन्द्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी, जिला उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, जिला प्रवक्ता विकास शर्मा और आईटी सेल संयोजक अनिल शर्मा उपस्थित रहे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!