
“कलाकृति” में सजी संस्कृति, प्रतिभा और संस्कारों की भव्य झलक, ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल बनारी का वार्षिक समारोह 2025 रहा यादगार
NTN NEWS REPORT// जांजगीर। ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल, बनारी जांजगीर में दिनांक 20 दिसंबर को सत्र 2025-26 का तृतीय वार्षिक समारोह “कलाकृति” थीम पर हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक वैभव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य भारत की विविध कला, संस्कृति, लोक परंपराओं एवं आधुनिक रचनात्मकता को मंच प्रदान करना रहा।
समारोह में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, विधायक व्यास नारायण कश्यप, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना एवं राज्य गीत “अरपा पैरी के धार” के सामूहिक गायन से हुआ। हेड गर्ल त्रिशिका बजाज एवं हेड बॉय मेहुल सिंह राठौर ने स्वागत भाषण दिया। प्राचार्या सोनाली सिंह ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक उपलब्धियों, छात्रवृत्ति घोषणा, आईआईटी खड़गपुर व अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक भ्रमण की जानकारी दी।
निदेशक डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं संचालक आलोक अग्रवाल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों और विद्यार्थियों के प्रोत्साहन हेतु विभिन्न पुरस्कार एवं योजनाओं की घोषणाएं कीं। मुख्य अतिथि विजय कुमार पांडेय ने अनुशासन, ईमानदारी पर बल देते हुए आयोजन की सराहना की, वहीं विधायक व्यास नारायण कश्यप ने विद्यालय की निरंतर प्रगति की प्रशंसा की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में गणेश वंदना, शास्त्रीय व लोक नृत्य, समूह गीत, मॉक पार्लियामेंट, नाट्य व डॉक्यूमेंट्री “जांजगीर-चांपा दर्शन” विशेष आकर्षण रहे। पुरस्कार वितरण समारोह में शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
संपूर्ण आयोजन ने यह सिद्ध किया कि “कलाकृति” के माध्यम से शिक्षा और संस्कृति का समन्वय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव है।