Advertisment
Advertisment
राज्य/शहर

प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ ने जगाई नई ऊर्जा, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में सुनी 128वीं कड़ी 

NTN REPORT// रायपुर, 30 नवंबर 2025। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 128वीं कड़ी आज पूरे देश में उत्साहपूर्वक सुनी गई। राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम का श्रवण किया और इसे “देश की सामूहिक चेतना का उत्सव” बताया।

नेचर फॉर्मिंग, खाद्यान्न उत्पादन और महिला खिलाड़ियों की प्रशंसा—प्रधानमंत्री मोदी का संदेश

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने नेचर फॉर्मिंग को बढ़ावा, खाद्यान्न उत्पादन में रिकॉर्ड वृद्धि, महिला खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, नौसेना सशक्तिकरण, शहद प्रसंस्करण तकनीक, अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव, स्पेस टेक्नोलॉजी में युवा नवाचार, आदि विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने बताया कि भारत ने 357 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है, जो पिछले दस सालों में 100 मिलियन टन की वृद्धि है। हाल ही में भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी मिलना भी देश के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

मुख्यमंत्री साय बोले—‘मन की बात’ प्रेरणा का महास्रोत

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा हर माह साझा किए गए विचार देशवासियों को नई दिशा और प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा “मन की बात कार्यक्रम देश की जनभागीदारी, नवाचार और उत्कृष्ट प्रयासों को पहचान दिलाने का माध्यम बन चुका है।”

“नेचर फॉर्मिंग के लिए छत्तीसगढ़ में अपार संभावनाएं हैं। किसान और युवा उद्यमी इस दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि खाद्यान्न उत्पादन में छत्तीसगढ़ की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है।

स्पेस, टेक्नोलॉजी, संस्कृति और नवाचार—प्रधानमंत्री के उल्लेखित प्रमुख बिंदु

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में बताया— चंद्रयान-2 की असफलता से प्रेरित होकर चंद्रयान-3 की सफलता भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति का उदाहरण है। जेन-ज़ी युवाओं द्वारा मंगल ग्रह जैसी परिस्थितियों में ड्रोन परीक्षण वैज्ञानिक सोच का बड़ा संकेत है।

कुरुक्षेत्र में 3D महाभारत लाइट एवं साउंड म्यूज़ियम और अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की सफलता सांस्कृतिक विरासत को नई ऊँचाइयाँ दे रही है। हैदराबाद में विश्व की सबसे बड़ी लीप इंजन MRO सुविधा का उद्घाटन भारत की एयरोस्पेस क्षमता में बड़ा कदम है।

भारतीय नौसेना को समर्पित स्वदेशी युद्धपोत INS माहे भारत की रक्षा सामर्थ्य का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने यूरोप, सऊदी अरब और एशियाई देशों में हुए गीता महोत्सवों का भी उल्लेख किया, जहां भारी उत्साह देखने को मिला।

विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा—‘लोकल को ग्लोबल’ बनाने की प्रेरणा देते हैं प्रधानमंत्री

विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में गिने जाते हैं, और ‘मन की बात’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से वे सांस्कृतिक, सामाजिक और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को सरल भाषा में देश के सामने रखते हैं।

कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े, कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, विधायक अनुज शर्मा, पूर्व विधायक नवीन मार्कण्डेय सहित निगम-मंडलों के अध्यक्ष व बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!