Advertisment
Advertisment
राज्य/शहर

2060 करोड़ की आवासीय परियोजनाओं का शुभारंभ… छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ अब तक का सबसे बड़ा राज्य स्तरीय आवास मेला! 

NTN NEWS REPORT// रायपुर। शंकर नगर स्थित बीटीआई ग्राउंड में आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड की 2060 करोड़ रुपये की लागत वाली 55 नई आवासीय परियोजनाओं का शुभारंभ किया। ये परियोजनाएँ 26 जिलों में शुरू होंगी, जिनके माध्यम से 12 हजार से अधिक किफायती और गुणवत्तापूर्ण मकानों का निर्माण किया जाएगा। इसी मंच से मुख्यमंत्री ने हाउसिंग बोर्ड के AI चैटबॉट और नए पोर्टल का भी शुभारंभ किया, जिससे नागरिकों को सभी परियोजनाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध होगी।

मेले में उमड़ा जनसागर, शुरू हुआ तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आवास मेला

बीटीआई ग्राउंड में आयोजित यह राज्य स्तरीय आवास मेला 25 नवम्बर तक चलेगा। पहले ही दिन भारी संख्या में लोग आवासीय योजनाओं की जानकारी और बुकिंग कराने पहुंचे, जिसके चलते शंकर नगर टर्निंग से खम्हारडीह मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई।

कार्यक्रम में विशिष्टजन रहे उपस्थित

इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, फिल्म विकास निगम अध्यक्ष मोना सेन, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष जतीन साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।

“हाउसिंग बोर्ड कर्जमुक्त… अब तेजी से बनेंगे मकान”— मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड की टीम वर्तमान में अत्यंत उत्कृष्ट कार्य कर रही है। राज्य सरकार ने हाउसिंग बोर्ड के 790 करोड़ रुपये के कर्ज का भुगतान कर उसे कर्जमुक्त कर दिया है, जिससे बोर्ड अब बेहतर रणनीति के साथ कार्य कर सकेगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले दो वर्षों में छत्तीसगढ़ में 26 लाख आवासों की मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही— पीएम जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए 32 हजार मकानों की मंजूरी , बस्तर में आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल प्रभावित परिवारों के लिए 15 हजार आवास स्वीकृत, मुख्यमंत्री ने मेले के दौरान लाभार्थियों को आवास की चाबी, फ्रीहोल्ड प्रमाण पत्र और बुकिंग प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

“जाम लगा तो समझिए मेला सफल”— विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह

डॉ. रमन सिंह ने हाउसिंग बोर्ड के कार्यों की जमकर सराहना की और कहा कि मेले की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मेला शुरू होते ही पूरा रोड जाम हो गया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इस वर्ष 14 हजार करोड़ रुपये का बजट आवास योजनाओं के लिए प्रावधानित किया है।

हाउसिंग बोर्ड के कामकाज में तेजी— ओपी चौधरी

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री की पहल से हाउसिंग बोर्ड पूरी तरह कर्जमुक्त हुआ है और केवल एक वर्ष में 672 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है। उन्होंने कहा कि बोर्ड अब उपभोक्ताओं की मांग के आधार पर परियोजनाएँ शुरू करेगा।

“सभी जिलों और आगे चलकर सभी विधानसभा क्षेत्रों में परियोजनाएँ”— अनुराग सिंहदेव

हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि बोर्ड राज्य के सभी जिलों में आवास निर्माण करेगा और अगला चरण सभी विधानसभा क्षेत्रों में परियोजनाएँ लाने का होगा।

मेले में शुरुआती दिन से उमड़ी भीड़

मेले के पहले दिन से ही आवासीय योजनाओं की जानकारी लेने और ऑन-spot बुकिंग के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ के कारण आसपास के मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!