Advertisment
स्थानीय समाचार / शहर की खबरें

भगवान बिरसा मुण्डा की स्मृति में 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ के हर जिले में मनाया जाएगा ‘जनजातीय गौरव दिवस’ — विद्या सिदार

NTN NEWS REPORT//  भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मंत्री विधा सिदार ने आज जांजगीर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विद्या सिदार ने कहा कि “जनजातीय समाज का गौरवशाली अतीत, ऐतिहासिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक योगदान रहा है। अनेक महान स्वतंत्रता सेनानियों — शहीद वीर नारायण सिंह, गैंदसिंह, गुण्डाधूर जैसे नायकों ने देश की आजादी के लिए अपना बलिदान दिया।”

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जब पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन की चुनौती से जूझ रही है, तब जनजातीय समाज प्रकृति संरक्षण का सजीव उदाहरण प्रस्तुत करता है। जनजातीय संस्कृति में प्रकृति की पूजा की जाती है, जैसे पूर्वी छत्तीसगढ़ में सरहुल पर्व साल के पेड़ों में फूल आने पर मनाया जाता है।

विद्या सिदार ने आगे कहा कि “जनजातीय समाज में गहरी आध्यात्मिकता निहित है। वहां बड़े-छोटे, स्त्री-पुरुष के बीच कोई भेदभाव नहीं होता। जीवन जीने की सादगी और समानता का भाव हमें इस समाज से सीखना चाहिए। जनजातीय समुदाय में दहेज जैसी बुराई का अस्तित्व नहीं है।”

उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन शौर्य, साहस और शोषण मुक्त समाज के निर्माण की प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिरसा मुंडा के आदर्शों के अनुरूप ‘प्रधानमंत्री जनमन योजना’ की शुरुआत की है, जिससे विशेष पिछड़ी जनजातियों के जीवन में समृद्धि लाने का प्रयास किया जा रहा है। हजारीबाग से आरंभ किए गए जनजाति उन्नत ग्राम अभियान के माध्यम से देश के 63 हजार जनजातीय बहुल ग्रामों के 5 करोड़ से अधिक लोग लाभान्वित होंगे।

विद्या सिदार ने कहा कि “जनजातीय समाज की सरलता और सहजता मन मोह लेती है। उनकी जीवनशैली और खानपान उन्हें रोगों से दूर रखता है। धर्मांतरण, नशाखोरी और अशिक्षा जैसी सामाजिक बुराइयों से समाज को मुक्त करने का प्रयास जारी है।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय समाज को सम्मान दिलाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं —

राष्ट्रपति के रूप में जनजातीय समुदाय से द्रौपदी मुर्मू का चयन

छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय और उड़ीसा में मोहन चरण मांझी को मुख्यमंत्री बनाना

अनुसूचित जनजाति आयोग को सशक्त करना और जनजातीय मंत्रालय की स्थापना

इन सभी निर्णयों ने जनजातीय समाज को सशक्त और सम्मानित बनाया है।

विद्या सिदार ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 15 नवंबर से चार दिनों तक पूरे देश में शासन, प्रशासन, सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रशांत सिंह ठाकुर, जिला महामंत्री नंदनी रजवाड़े एवं नंद चौधरी, जिला उपाध्यक्ष आशुतोष गोस्वामी, कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह, युवा नेता विकास शर्मा, सुशील सिंह, सतीश शर्मा सहित बड़ी संख्या में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!