
प्लास्टिक कचरे के बदले भोजन देने वाली अनोखी पहल ‘गार्बेज कैफे’ को देशभर में मिली पहचान, प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में कहा – नगर निगम अंबिकापुर के प्लास्टिक मुक्त संकल्प से बदली शहर की तस्वीर
‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के नवाचारों और माओवाद उन्मूलन के संकल्प का उल्लेख प्रदेशवासियों के लिए गौरव की बात : मुख्यमंत्री साय
NTN REPORT// रायपुर, 26 अक्टूबर 2025। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आज प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के नवाचारों और माओवाद उन्मूलन के संकल्प का उल्लेख किया गया, जिसे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों के लिए गौरव की बात बताया। मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर के शांति नगर में ‘मन की बात’ के 127वें संस्करण का श्रवण किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ देशभर में हो रहे नवाचारी, प्रेरणादायी और जनहितकारी कार्यों को जोड़ने वाला मंच है, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वालों को राष्ट्रीय पहचान दिलाता है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ का उल्लेख होना प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है।
अंबिकापुर का ‘गार्बेज कैफे’ बना राष्ट्रीय मिसाल
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने अंबिकापुर नगर निगम की अनूठी पहल ‘गार्बेज कैफे’ की विशेष सराहना की, जिसने प्लास्टिक मुक्त शहर की दिशा में एक मिसाल कायम की है। इस कैफे में नागरिक प्लास्टिक कचरा लाकर भोजन प्राप्त करते हैं — एक किलो प्लास्टिक के बदले भरपेट भोजन और आधा किलो प्लास्टिक के बदले नाश्ता दिया जाता है। यह अभिनव पहल स्वच्छता, पुनर्चक्रण और सामाजिक संवेदना का अद्भुत उदाहरण बन चुकी है। ‘गार्बेज कैफे’ का संचालन अंबिकापुर नगर निगम द्वारा किया जा रहा है, जिसने शहर की स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार किया है।
छत्तीसगढ़ में माओवाद पर नियंत्रण – डबल इंजन सरकार के प्रयासों का परिणाम
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा माओवादी गतिविधियों के सिमटते प्रभाव पर चर्चा प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के मजबूत संकल्प से शांति और सुरक्षा की दिशा में उल्लेखनीय परिणाम मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से उन इलाकों में भी दीपावली की खुशियां पहुंची हैं, जहाँ कभी माओवादी आतंक का साया था। उन्होंने कहा कि जनता अब माओवादी हिंसा का जड़ से खात्मा चाहती है, जिसने बच्चों के भविष्य को बाधित किया था।
देशी श्वानों की दक्षता का जिक्र – छत्तीसगढ़ के श्वान ने बचाई जवानों की जान
प्रधानमंत्री द्वारा सुरक्षा एजेंसियों में भारतीय नस्ल के श्वानों को शामिल किए जाने की सराहना पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित क्षेत्र में एक देशी श्वान ने 8 किलो विस्फोटक का पता लगाकर जवानों की जान बचाई। यह उदाहरण दर्शाता है कि भारतीय नस्ल के श्वान अधिक अनुकूल, दक्ष और विश्वसनीय हैं।
पर्यावरण संरक्षण एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रकृति संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए सभी नागरिकों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय नवाचारों को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
वंदे मातरम के 150 वर्ष और जनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री का आह्वान
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर इसे उत्सव के रूप में मनाने का आह्वान किया है। यह राष्ट्रप्रेम की अमर अभिव्यक्ति है और प्रत्येक नागरिक को इसमें भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के पुण्य स्मरण के साथ जनजातीय अधिकारों और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को नमन किया। जनजातीय गौरव दिवस, उन महान जननायकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है जिन्होंने देश की आज़ादी और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
मुख्यमंत्री ने पुंगनूर नस्ल की गायों को खिलाया चारा
‘मन की बात’ कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुंगनूर नस्ल की गायों को चारा खिलाया और उनकी विशेषताओं की जानकारी ली। यह गाय मुख्यतः आंध्र प्रदेश में पाई जाती है और अपनी अनूठी बनावट व विशिष्ट गुणों के कारण प्रसिद्ध है।
कार्यक्रम में विधायक पुरन्दर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, छत्तीसगढ़ माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती, छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।