
जिला क्रिकेट एसोसिएशन की बड़ी उपलब्धि जिले के सहबान खान का छत्तीसगढ़ रणजी टीम में चयन
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। जिले के क्रिकेट प्रेमियों के लिए हर्ष और गौरव का बड़ा अवसर आया है। चांपा के प्रतिभाशाली क्रिकेटर सहबान खान का चयन छत्तीसगढ़ रणजी ट्रॉफी टीम में किया गया है। इस उपलब्धि से जिले में खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों के बीच उत्साह का माहौल है।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष कुंवर वीरेंद्र बहादुर सिंह ने सहबान को बधाई देते हुए कहा कि वे एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। पूर्व में उनका चयन विजय हजारे ट्रॉफी और सीपीएल के लिए भी हो चुका है। इंटर-डिस्ट्रिक्ट मैचों में शानदार प्रदर्शन के बाद सहबान संभावित खिलाड़ियों की सूची में शामिल हुए थे और हालिया अभ्यास मैचों में उनके उत्कृष्ट खेल के दम पर उन्हें रणजी टीम में स्थान मिला है।
सहबान खान, पुलिस विभाग में पदस्थ साबित खान के पुत्र हैं। उनके चयन पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव पद्मेश शर्मा ने जानकारी दी कि रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट की शुरुआत 15 अक्टूबर से हो रही है। शुरुआती दो मुकाबलों के लिए घोषित छत्तीसगढ़ टीम में सहबान खान को शामिल किया गया है।
खुशी की बात यह भी है कि जिले के अन्य खिलाड़ी भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में अंडर-19 टीम के संभावितों में आदित्य यादव और अंडर-23 टीम में हर्ष राठौर को जगह मिली है।
इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ खिलाड़ी सत्यनारायण सोनी, विवेक सिसोदिया, राजेश राठौर, आशुतोष पांडे, दिनेश मेश्राम, आशीष यादव सहित सभी पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने सहबान के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त की। सभी ने कहा कि यह उपलब्धि जिले के युवाओं को नई ऊर्जा और प्रेरणा देगी।
सहबान खान का रणजी टीम में चयन जांजगीर-चांपा जिले के लिए गौरव का विषय है और यह साबित करता है कि जिले की प्रतिभा राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकती है।