
नवरात्रि पर यात्रियों को बड़ी सौगात, नैला-जांजगीर रेलवे स्टेशन में मिला नई ट्रेन का स्टॉपेज
NTN NEWS REPORT// नवरात्रि जैसे महत्वपूर्ण त्यौहार में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नैला-जांजगीर रेलवे स्टेशन पर नई ट्रेन का स्टॉपेज स्वीकृत किया गया है। यह निर्णय जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप द्वारा लगातार की जा रही मांग और रेलवे प्रशासन को दिए गए आवेदन के परिणामस्वरूप लिया गया है।
त्यौहार के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु और यात्री आवागमन करते हैं, खासकर नैला में विराजित दुर्गा जी जिसके ख्याति अंचल में ही नहीं बल्कि पूरे देश में फैल चुकी है लाखों की संख्या में लोगों का रेल के माध्यम से आना जाना लगा रहता है जिसके चलते विधायक व्यास कश्यप ने रेलवे से नैला-जांजगीर स्टेशन में अतिरिक्त स्टॉपेज की मांग की थी। रेलवे प्रशासन ने इस मांग को स्वीकार करते हुए नई ट्रेन के नैला जांजगीर स्टेशन में ठहराव की सुविधा प्रदान की है।
विधायक व्यास कश्यप ने कहा कि नवरात्रि के अवसर पर यह निर्णय आम जनता के लिए बड़ी राहत है और आने वाले दिनों में भी यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर और सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा साथ ही विधायक व्यास कश्यप ने डीआरएम खुईवाल जी को ट्रेन चलाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए विधायक और रेलवे प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। इससे न केवल श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम होगी बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।