Advertisment
Advertisment
स्थानीय समाचार / शहर की खबरें

ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बनारी जांजगीर में विश्वकर्मा पूजा धूमधाम से सम्पन्न

NTN NEWS REPORT// ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बनारी में भगवान विश्वकर्मा जी की जयंती के अवसर पर पूजा-अर्चना का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी सजावट एवं फूल-मालाओं से सजाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के संचालक आलोक अग्रवाल प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह एवं वरिष्ठ शिक्षकों द्वारा भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से की गई। इसके बाद स्टाफ एवं संस्था के समस्त वाहन कर्मचारियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर तकनीकी शिक्षा और सृजनशीलता के प्रतीक भगवान विश्वकर्मा से आशीर्वाद लिया।

पूरे आयोजन में भक्ति गीत और मंत्रोच्चार से वातावरण गूंज उठा। पूजा उपरांत प्रसाद वितरण किया गया। संस्था संचालक आलोक अग्रवाल द्वारा विश्वकर्मा पूजा की विशेषता के बारे में बताते हुए कहा गया कि- भगवान विश्वकर्मा ने भवनों, महलों, हथियारों और सिंहासनों का निर्माण किया था इसलिए भगवान विश्वकर्मा को वास्तुकार कहा जाता है। विश्वकर्मा पूजा के दिन कामकाजी लोग अपने बेहतर भविष्य के लिए सुरक्षित कामकाजी परिस्थितियों के लिए सच्चे मन से पूजा अर्चना करते है। उन्होनें समस्त संस्था कर्मचारियों को विश्वकर्मा पूजा की बधाई दी।

विद्यालय परिवार ने इस अवसर पर सभी को मेहनत, कौशल और निष्ठा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा बल्कि बच्चों में परंपरा, संस्कृति और तकनीकी महत्व के प्रति जागरूकता भी बढ़ाने वाला रहा।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!