Advertisment
Advertisment
Uncategorized

बस 2 शब्दों से पूरा हुआ Miss World बनने का सपना, विनर बनने के बाद क्या बोलीं सुचाता चुआंगसरी?

थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगसरी ने मिस वर्ल्ड 2025 का ताज जीता. उन्होंने 'धैर्य' और 'दृढ़ संकल्प' को सफलता का मंत्र बताया. प्रतियोगिता भारत के हैदराबाद में हुई थी.

NTN NEWS REPORT// 72वीं मिस वर्ल्ड 2025 का ताज थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगसरी ने अपने नाम कर इतिहास रच दिया है. उन्होंने अपनी जीत का मंत्र भी शेयर करते हुए बताया कि ‘धैर्य’ और ‘दृढ़ संकल्प’ ही वो दो शब्द हैं, जिनके चलते वह सफलता हासिल कर पाई हैं. इस साल यह मिस वर्ल्ड की प्रतियोगिता भारत के हैदराबाद स्थित तेलंगाना में आयोजित की गई थी।

ग्रैंड फिनाले के दौरान चुआंगसरी ने सफेद रंग का बेहद खूबसूरत गाउन पहना था, जिस पर ओपल जैसे फूल बने हुए थे. चेक रिपब्लिक से 71वीं मिस वर्ल्ड क्रिस्टीना पिस्जकोवा ने अपना ताज नई मिस वर्ल्ड को सौंपा था. यह थाईलैंड की पहली बड़ी ब्यूटी पेजेंट जीत है।

अपनी जीत के बाद चुआंगसरी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उनके लिए ‘धैर्य’ और ‘दृढ़ संकल्प’ ही सफलता की असली कुंजी रहे हैं. उन्होंने कहा कि खुद पर विश्वास बनाए रखना और अपने मूल्यों पर अडिग रहना उन्हें यहां तक लाया. उन्होंने यह भी साझा किया कि इस सफर में कई बार थकावट और हिम्मत टूटने के पल आए, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी. उनके मुताबिक, अगर व्यक्ति अपने आत्मविश्वास और लक्ष्य पर केंद्रित रहे, तो वह किसी भी कठिनाई को पार कर सकता है और एक दिन सफलता जरूर हासिल करता है।

मिस वर्ल्ड 2025 प्रतियोगिता में दुनियाभर के 108 देशों की सुंदरियों ने भाग लिया. भारत की ओर से नंदिनी गुप्ता ने प्रतिनिधित्व किया, जो प्रतियोगिता में टॉप 20 तक पहुंचीं. नंदिनी ने आत्मविश्वास और सौंदर्य के साथ भारत का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन अंतिम चरण में वह आगे नहीं बढ़ सकीं।

फिनाले के दौरान मंच की शोभा मिस वर्ल्ड 2016 स्टेफनी डेल वैले ने बढ़ाई, जो इस इवेंट की होस्ट रहीं. उन्होंने पारंपरिक भारतीय लहंगा पहनकर भारतीय संस्कृति को सम्मान दिया. इसके अलावा बॉलीवुड से जैकलीन फर्नांडीज और ईशान खट्टर ने शानदार परफॉर्मेंस दी, जिसने माहौल को और भी रंगीन बना दिया।

कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद जज के रूप में शामिल हुए और उन्हें ह्यूमैनिटेरियन अवार्ड से भी नवाजा गया। भारत में अब तक तीन बार मिस वर्ल्ड का आयोजन हो चुका है और 6 बार भारतीय सुंदरियों ने यह खिताब अपने नाम किया है. रीता फारिया से लेकर मानुषी छिल्लर तक, भारत ने मिस वर्ल्ड मंच पर अपनी खूबसूरती, बुद्धिमत्ता और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ बार-बार अपना परचम लहराया है. अब एक बार फिर भारत को अगली जीत की उम्मीद है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!