Advertisment
Advertisment
स्थानीय समाचार / शहर की खबरें

नवरात्रि पर्व में उत्कृष्ट सहयोग देने वाले 61 स्काउट्स, गाइड्स, एनसीसी कैडेट्स, रोवर्स और रेंजर्स सम्मानित

NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। बीते नवरात्रि पर्व के दौरान पंडाल एवं यातायात व्यवस्था में उत्कृष्ट सहयोग प्रदान करने वाले 61 स्काउट्स, गाइड्स, एनसीसी कैडेट्स, रोवर्स और रेंजर्स को आज पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने छात्र-छात्राओं से आत्मीय परिचय प्राप्त करते हुए उनसे चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा किए गए अनुकरणीय सहयोग की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उल्लेखनीय है कि बीते कँवार नवरात्रि पर्व के दौरान नैला अग्रसेन भवन के सामने विराजमान मां दुर्गा जी की प्रतिमा एवं पंडाल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुँचते थे। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर पंडाल, यातायात एवं पार्किंग की व्यवस्थाएँ की गई थीं। इस दौरान स्काउट्स, गाइड्स एवं एनसीसी के विद्यार्थियों ने पुलिस के साथ मिलकर पूरी व्यवस्था को सफलतापूर्वक संभाला, जिससे पर्व के दौरान सुरक्षा एवं सुगमता बनी रही।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के जिला सचिव दीपक कुमार यादव, एनसीसी फर्स्ट ऑफिसर दिनेश चतुर्वेदी, डीटीसी स्काउट पूरन लाल पटेल एवं डीओसी गाइड कु. श्वेता जायसवाल सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!