सक्ती में साइबर ठगी का नया तरीका! चॉइस सेंटर संचालकों को बनाया जा रहा निशाना, फोन-पे पर रकम लेकर नकद वसूली
अर्जेंट पैसों की जरूरत बताकर फोन-पे पर मंगवा रहे रकम, बाद में फ्रॉड की राशि मिलने पर खाते हो रहे होल्ड; सतर्क रहने की अपील
NTN REPORT// सक्ती। जिले में चॉइस सेंटर संचालकों को निशाना बनाकर साइबर ठगी किए जाने की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की गई है। जानकारी के अनुसार, कुछ लोग चॉइस सेंटर संचालकों को फोन कर अर्जेंट पैसों की जरूरत बताकर फोन-पे के माध्यम से अपने खाते में रकम डलवा रहे हैं। इसके बदले वे संचालकों से नकद राशि ले रहे हैं।

बताया जा रहा है कि बाद में संबंधित फोन-पे खाते में आई रकम के साइबर फ्रॉड से जुड़ी राशि होने की जानकारी सामने आने पर चॉइस सेंटर संचालकों के बैंक खाते होल्ड हो रहे हैं। इस तरह अनजाने में दूसरे व्यक्ति के कहने पर डिजिटल भुगतान स्वीकार करना संचालकों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
नकद रकम देने से पहले बरतें सावधानी
ऐसे मामलों में चॉइस सेंटर संचालकों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। किसी भी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति के कहने पर फोन-पे अथवा अन्य डिजिटल भुगतान माध्यम से रकम लेने और उसके बदले नकद पैसा देने से बचें। केवल परिचित होने या अर्जेंट जरूरत बताने के आधार पर किसी के खाते में पैसा स्वीकार न करें। लेन-देन की वास्तविकता और रकम के स्रोत की पुष्टि करना जरूरी है।
संदिग्ध लेन-देन की सूचना पुलिस को दें
यदि किसी व्यक्ति द्वारा इस तरह पैसे मांगने, फोन-पे के माध्यम से रकम डलवाने या उसके बदले नकद राशि लेने की सूचना मिलती है, तो तत्काल नजदीकी थाने अथवा साइबर सेल सक्ती को सूचित करें। किसी संदिग्ध लेन-देन की जानकारी मिलने पर भुगतान से संबंधित संदेश, लेन-देन क्रमांक, मोबाइल नंबर और अन्य उपलब्ध साक्ष्य सुरक्षित रखें, ताकि जांच में सहायता मिल सके।
चॉइस सेंटर संचालकों से सतर्क रहने की अपील
चॉइस सेंटर संचालकों से अपील है कि वे जल्दबाजी में किसी भी प्रकार का संदिग्ध आर्थिक लेन-देन न करें। थोड़े से लालच, जान-पहचान या किसी की मजबूरी के नाम पर किया गया लेन-देन भी बैंक खाते के होल्ड होने और अनावश्यक कानूनी एवं आर्थिक परेशानी का कारण बन सकता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
अपील: सतर्क रहें, संदिग्ध लेन-देन से बचें और साइबर ठगी से संबंधित किसी भी सूचना को नजदीकी थाना अथवा साइबर सेल सक्ती तक पहुंचाएं।