
ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बनारी में गांधी-शास्त्री जयंती पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन
सत्य, सादगी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को किया गया स्मरण, क्विज और सर्वश्रेष्ठ परिधान प्रतियोगिता ने बढ़ाया उत्साह
NTN REPORT// जांजगीर। ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी, जांजगीर में 2 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संस्था संचालक आलोक अग्रवाल, डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं प्राचार्या सोनाली सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का उद्देश्य महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष, विचारों और आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा देना रहा।
पुष्पमाला अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था संचालक एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र एवं प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित करने तथा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद शिक्षिका हन्ना देवी ने दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष एवं विचारों का सारगर्भित परिचय प्रस्तुत किया।
इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की और गांधीजी के प्रसिद्ध भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिये जे, पीड़ पराई जाणे रे’ का सामूहिक गायन किया। भजन के दौरान विद्यालय परिसर श्रद्धा और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत नजर आया।
जीवन प्रसंगों के माध्यम से बताए आदर्श
कार्यक्रम में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक घटनाओं और कहानियों के माध्यम से उनके आदर्शों एवं जीवन उद्देश्यों पर प्रकाश डाला गया। महापुरुषों का जीवन सत्य, सादगी, अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा जैसे मूल्यों की प्रेरणा देता है।
इसके बाद शिक्षिका नेहा साहू ने हिंदी में तथा शिक्षिका सीमा राठौर ने अंग्रेजी में भाषण प्रस्तुत किया। दोनों ने अपने वक्तव्य के माध्यम से गांधीजी एवं शास्त्रीजी के व्यक्तित्व और कृतित्व को रेखांकित किया।
क्विज प्रतियोगिता में शिक्षकों ने लिया उत्साह से हिस्सा
कार्यक्रम को रोचक और ज्ञानवर्धक बनाने के लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से संबंधित क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को तीन टीमों में विभाजित किया गया।
क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ शिक्षिका हन्ना देवी ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के नियमों एवं महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। प्रतियोगिता के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सही उत्तर मिलने पर प्रतिभागियों ने उत्साह व्यक्त किया, वहीं गलत उत्तर पर ऋणात्मक अंक व्यवस्था के बीच सभी ने हंसी-मजाक और उत्साह के साथ प्रतियोगिता का आनंद लिया। विजेता टीम को संस्था की ओर से आकर्षक उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया।
सर्वश्रेष्ठ परिधान प्रतियोगिता में दिखी भारतीय संस्कृति की झलक
कार्यक्रम की अगली कड़ी में ‘बेस्ट अटायर’ यानी सर्वश्रेष्ठ परिधान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं को सूती, खादी एवं कोसा के पारंपरिक वस्त्र पहनकर आने के लिए प्रोत्साहित किया गया था। इस दौरान सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं आकर्षक एवं पारंपरिक परिधानों में नजर आए।
पुरुष वर्ग में संगीत शिक्षक सुभाष कहरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला वर्ग में हन्ना देवी सर्वश्रेष्ठ परिधान के लिए प्रथम रहीं। विजेता सुभाष कहरा को शास्त्रीजी की टोपी एवं अंगवस्त्र तथा हन्ना देवी को शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
हन्ना देवी ने किया मंच संचालन
कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था एवं मंच संचालन हन्ना देवी ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आयोजन का समापन किया गया।
इस अवसर पर ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी के सहयोग एवं सहभागिता से गांधी-शास्त्री जयंती का कार्यक्रम उत्साह, श्रद्धा और प्रेरणा के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।