Advertisment
अपराधजांजगीर-चांपा

नगर पालिका कार्यालय में घुसकर कर्मचारी से मारपीट, पत्थर से सिर पर किया वार

शासकीय दस्तावेज फाड़ने, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने का आरोप; पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 28 सितंबर 2026। अकलतरा नगर पालिका परिषद कार्यालय में घुसकर कर्मचारी के साथ मारपीट करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने, दस्तावेज फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

कार्यालय में पहुंचकर कर्मचारी से की गाली-गलौच और मारपीट

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे अकलतरा नगर पालिका कार्यालय में कर्मचारी अपने शासकीय कार्य पर उपस्थित था। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 11 अकलतरा निवासी मनोज कुमार टण्डन कार्यालय पहुंचा। पुलिस के मुताबिक आरोपी शराब के नशे में था और उसने कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौच एवं मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने शासकीय दस्तावेजों को भी फाड़ दिया, जिससे कार्यालय के शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।

दोबारा कार्यालय पहुंचकर किया विवाद

पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आरोपी दोबारा नगर पालिका कार्यालय पहुंचा और कर्मचारी से इस बात को लेकर विवाद करने लगा कि उसके विरुद्ध पुलिस में रिपोर्ट क्यों दर्ज कराई गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौच करते हुए कर्मचारी को जान से मारने की धमकी दी।

इसी दौरान आरोपी ने कार्यालय के सामने पड़े पत्थर से कर्मचारी के सिर पर वार कर दिया। हमले में कर्मचारी के सिर से खून निकलने लगा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

शिकायत पर इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

घटना के संबंध में प्रार्थी की शिकायत पर थाना अकलतरा में आरोपी के विरुद्ध धारा 121(1), 221, 132, 296, 351(3) और 115(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अकलतरा पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

अकलतरा क्षेत्र में घूमने की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा

पुलिस को आरोपी के अकलतरा क्षेत्र में घूमने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर आरोपी मनोज कुमार टण्डन, उम्र 42 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11, आजाद चौक अकलतरा को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम का रहा सराहनीय योगदान

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक जय कुमार साहू, उप निरीक्षक बी.एल. कोसरिया सहित थाना अकलतरा पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!